भाजपा कार्यकर्ताओं में दिखा गुटबाजी, अलग निकाले जुलूस
फिरोजपुर झिरका। भाजपा पार्टी की गुटबाजी जीत के जश्न में भी खुल कर सामने आई। मनमुटाव की वजह से शहरी और ग्रामीण क्षेत्र के मुस्लिम मतदाताओं ने अलग-अलग जश्न मना कर पार्टी में चल रहे आपसी कलह को जनता के सामने उजागर कर दिया। भविष्य में पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच की आपसी कलह पार्टी के लिए नुकसानदायक साबित हो सकती है।भाजपा प्रत्याशी राव इंद्रजीत सिंह को इस बार पिछले चुनाव के मुकाबले मुस्लिम ग्रामीण मतदाताओं ने 30, 669 ज्यादा वोट दिये हैं। उनकी भी राव इंद्रजीत सिंह से काफी उम्मीदें हैं। बृहस्पतिवार को राव इंद्रजीत सिंह की जीत के बाद फिरोजपुर झिरका शहर में मनाए गए जश्न में ग्रामीण मुस्लिम मतदाताओं की उपस्थिति नहीं के बराबर थी। एक ओर आलम उर्फ मुंडल और पार्टी के कद्दावर नेता राकेश जैन ने अपने समर्थकों के साथ जश्न मनाते हुए अलग जुलूस निकाला वहीं दूसरी ओर शहरी मतदाताओं के समर्थन से भाजपा नेता राजकुमार गर्ग, डॉ. यतेंद्र गर्ग, पूर्व पालिका अध्यक्ष अर्जुन चावला, डॉ. महेंद्र गर्ग ने शहर में अलग जलूस निकाल कर जीत का जश्न मनाया। इस जपलूस में एक भी ग्रामीण मुस्लिम मतदाता शामिल नहीं था। इससे यह साफ हो गया है कि भले ही पार्टी को लोकसभा में भारी मतों से जीत मिली हो, लेकिन फिरोजपुर झिरका में ग्रामीण मुस्लिम व शहरी मतदाता दो गुटों में बंटता नजर आ रहा है। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष आलम उर्फ मुंडल ने कहा कि हमने अपने स्तर पर राकेश जैन के नेतृत्व में जीत का जश्न मनाया। शहर के लोगों ने अपने स्तर पर जीत का जश्न मनाया है। उन्होंने कहा कि नूंह जिले की तीन विधानसभाओं में मेव मतदाताओं ने राव इंद्रजीत सिंह को वोट दिए हैं। इसलिए भाजपा प्रत्याशी की जीत के जश्न में मेव मतदाताओं का समान अधिकार है। आलम उर्फ मुंडल ने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनावों में भी मेव मतदाता भाजपा के पक्ष में भारी मतदान करेंगे।