माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। भाजपा ने जिला सचिवालय में जिला स्तरीय समारोह में प्रदेश सरकार के तीसरे कार्यकाल के एक वर्ष पूरे होने पर विकास कार्यों और जनहित की योजनाओं को गिनवाया। सरकार की तरफ से कार्यक्रम में पंचायत मंत्री कृष्णलाल पंवार मुख्यातिथि रहे। उन्होंने एक वर्ष में 217 में से 46 वादे पूरे करने का दावा किया और 158 पर काम जारी होने की बात कही। वहीं विपक्ष और अन्य दलों ने सरकार के दावों को खोखला बताया। शहर से लेकर गांवों तक सड़कों के गड्ढे तक भर पाने की बात कही।
पंचायत मंत्री कृष्णलाल पंवार ने कहा कि यह एक वर्ष सिर्फ उपलब्धियों का नहीं, बल्कि विश्वास का वर्ष रहा है। यह एक वर्ष जनता के विश्वास का पार्टी के सिद्धांतों का, और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र का है। मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना के दूसरे चरण में 141 ग्राम व दो महाग्राम पंचायतों में 8029 प्लॉट आवंटित किए गए।इस कड़ी में मतलौडा खंड के वैसर गांव में 120 लाभार्थियों को योजना का लाभ मिला। दूसरे चरण में पिंजौर में 518 प्लॉटों का आवंटन किया गया। ग्राम पंचायतों को 1044.57 करोड़ और नगर निकायों को 1483.77 करोड़ की राशि विकास कार्यों के लिए जारी की गई। जिसमें पानीपत व समालखा को 93 करोड़ रुपये की राशि प्राप्त हुई है। किसानों की 24 फसलों की एमएसपी पर खरीद सुनिश्चित की गई। को जिला सचिवालय सभागार में एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता पंचायत एवं खनन मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने की। उपायुक्त डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया ने बुके देकर स्वागत किया। मुख्यमंत्री नायब सिंह के लाइव प्रसारण पर उपस्थित लोगों ने तालियां बजाकर अभिनंदन किया। इस मौके पर पानीपत शहरी विधायक प्रमोद विज, जिलाध्यक्ष दुष्यंत भट्ट, एडीसी डॉ. पंकज, एसपी भूपेंद्र सिंह, एसडीएम मनदीप कुमार, सीईओ डॉ. किरण सिंह, डीपीओ राजेश शर्मा व वैसर सरपंच मोनिका मौजूद रहे।
विपक्ष बोला विकास नहीं कहीं...
भाजपा के राज में हर वर्ग दुखी हो चुका है। चुनाव के समय वोट लेने के लिए लोगों के राशन कार्ड बना दिए और अब हर महीने इनको काटा जा रहा है। ऑनलाइन के नाम पर लाेगों को बरगलाया जा रहा है। भाजपा से जनता का मोह भंग हो चुका है। सरकारी तंत्र को अपने तरीके से प्रयोग में लाया जा रहा है।
रमेश मलिक, ग्रामीण जिला प्रधान, कांग्रेस।
शहर समेत जिले में कहीं विकास कार्य नजर नहीं आ रहा है। सरकार के मंत्री और विधायकों के घरों तक जाने की सड़क ही टूटी पड़ी हैं। वहीं शहर में सड़कों पर पेंच वर्क तक नहीं किया जा रहा है। विकास के नाम पर भी अपनी जेब भरी जा रही हैं। एक साल नहीं 11 साल में पानीपत में एक भी योजना को मूर्त रूप नहीं मिला है।
देवेंद्र कादियान, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, जजपा
भाजपा की सरकार में प्रदेश में विकास के नाम पर विनाश किया जा रहा है। एडीजीपी तक को सुसाइड करना पड़ रहा है। सरकार केवल वाहवाही बटौरने के लिए कार्यक्रमों पर मोटा पैसा खर्च कर रही है। हर विभाग में भ्रष्टाचार फैला हुआ है। सरकार के विधायक व मंत्रियों के बड़े प्रोजेक्ट में हिस्सेदारी है। शिक्षा मंत्री अपने हलके में एक स्कूल भी मॉडल नहीं बनवा पाए हैं।
कुलदीप राठी, जिलाध्यक्ष, इनेलो।
कार्यक्रम में संबोधित करते पंचायत मंत्री कृष्णलाल पंवार। स्रोत : सूचना विभाग
कार्यक्रम में संबोधित करते पंचायत मंत्री कृष्णलाल पंवार। स्रोत : सूचना विभाग
कार्यक्रम में संबोधित करते पंचायत मंत्री कृष्णलाल पंवार। स्रोत : सूचना विभाग