सौरभ भारद्वाज ने कहा - आप सरकार में प्रोजेक्ट पर सवाल उठाती थी भाजपा
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। प्रदूषण की रोकथाम के लिए दिल्ली सरकार के कृत्रिम वर्षा प्रोजेक्ट पर आप ने सवाल उठाए हैं। प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज का कहना है कि इसी प्रोजेक्ट पर जब उनकी सरकार काम कर रही थी तो भाजपा इसका मजाक बनाती थी।
कृत्रिम वर्षा प्रोजेक्ट को अपनाकर भाजपा पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के विजन की नकल कर रही है। आप सरकार के कार्यकाल में केंद्र ने कृत्रिम वर्षा के लिए कोई अनुमति नहीं दी, लेकिन अब भाजपा सरकार है तो सारी अनुमति दे दी। अभी दिल्ली में बारिश नहीं हो रही तो भाजपा कृत्रिम वर्षा भी नहीं करा रही, लेकिन जब बारिश हो जाएगी, तो कहेगी कि हमने कृत्रिम वर्षा कराई है। दिल्ली में प्रदूषण हमेशा से बड़ा मुद्दा रहा है। आप सरकार ने कहा था कि नवंबर-दिसंबर में वैज्ञानिक तरीके से कृत्रिम वर्षा कराकर वायु प्रदूषण को थोड़ा कम किया जा सकता है। आप सरकार ने कृत्रिम वर्षा की योजना बनाई। उस समय भाजपा यह कहकर मजाक उड़ाती थी कि यह केजरीवाल के मुंगेरी लाल के हसीन सपने हैं।
उन्होंने कहा कि कृत्रिम वर्षा का फायदा सर्दियों में होगा, लेकिन भाजपा सरकार इसे अभी क्यों करवाना चाहती है। सरकार कृत्रिम वर्षा कराकर किसे फायदा पहुंचाना चाहती है। हम भी मानते है कि राजधानी में कृत्रिम बारिश की तैयारी होनी चाहिए, लेकिन हमारे दो सवाल हैं। पहला, जब वैज्ञानिकों के हिसाब से अक्तूबर से पहले बारिश करवाना व्यर्थ है तो सीएम रेखा गुप्ता एवं मनजिंदर सिंह सिरसा को इतनी जल्दी क्यों है।