नई दिल्ली। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने शुक्रवार को कहा कि भाजपा सरकार प्रदूषण रोकने में ठोस परिणाम लाने में असफल रही है। अब क्लाउड सीडिंग के नाम पर करदाताओं के करोड़ों रुपये पानी की तरह बहा रही है। सरकार ने बिना वैज्ञानिक तैयारी और सफलता की गारंटी के इस महंगे प्रयोग को शुरू किया जबकि विशेषज्ञों ने इसके नुकसान को लेकर पहले ही चेतावनी दी थी।
3.21 करोड़ रुपये से हुए ट्रायल में सिर्फ 90 मिनट की उड़ान में बादलों में रसायन छोड़कर लगभग 100 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में 5-15 प्रतिशत तक अतिरिक्त बारिश होने की संभावना जताई गई थी। इसमें उपयोग किए गए सिल्वर आयोडाइड से अस्थमा व सांस के मरीजों को नुकसान पहुंच सकता है और त्वचा में जलन जैसी समस्याएं भी बढ़ सकती हैं। क्लाउड सीडिंग सिर्फ बादलों पर निर्भर है। दिल्ली का पहला ट्रायल लगभग फेल रहा। अगला ट्रायल भी मौसम के अभाव में टल गया। यह प्रयोग न केवल महंगा है बल्कि इससे प्रदूषण का स्थायी समाधान नहीं मिलेगा। ब्यूरो