प्रदेश अध्यक्ष ने कहा - झुग्गी-बस्तियों में आवास, साफ पानी और राशन की आवश्यकता
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने शुक्रवार को दिल्ली सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि भाजपा दिल्ली को विकसित नहीं कर रही बल्कि कर्ज में डूबा शहर बना रही है। केंद्र सरकार की योजना के तहत दिल्ली सरकार ने 600 करोड़ रुपये के कर्ज का प्रस्ताव पर्यटन परियोजनाओं के लिए भेजा है जबकि झुग्गी-बस्तियों में आवास, साफ पानी और राशन जैसी बुनियादी जरूरतें अभी भी अधूरी हैं।
रेखा गुप्ता सरकार का एक लाख करोड़ रुपये का बजट अब धीरे-धीरे सच्चाई दिखा रहा है। बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री, केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और अधिकारियों की बैठक इसी रणनीति का हिस्सा थी जिसके तहत दिल्ली पर और अधिक कर्ज लादा जा रहा है। बजट में से 15,000 करोड़ रुपये कर्ज और 9,950 करोड़ रुपये अतिरिक्त टैक्स के रूप में वसूले जाने हैं। सरकार विकास कार्यों के नाम पर नहीं बल्कि प्रचार के लिए कर्ज ले रही है और टूरिज्म प्रोजेक्ट के नाम पर 600 करोड़ का नया बोझ दिल्ली पर लाद दिया गया है।