कहा, दक्षिणपुरी वॉर्ड उपचुनाव में सीएम रेखा गुप्ता की सभा से पहले लगी लाइट अगले दिन ही उतारी गई
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली।
आम आदमी पार्टी (आप) के दिल्ली प्रदेश संयोजक सौरभ भारद्वाज ने दिल्ली सरकार पर आरोप लगाए हैं। मामला दक्षिणपुरी वॉर्ड का है, जहां शुक्रवार को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की सभा से ठीक पहले खंभों पर नई लाइटें लगाई गई थीं। लेकिन सभा खत्म होते ही अगले दिन सभी लाइटें हटा दी गईं। भारद्वाज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो साझा कर भाजपा सरकार पर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि लोगों को दिखाने के लिए सिर्फ एक दिन की फर्जी रोशनी का नाटक किया गया। साथ ही कहा कि भारद्वाज ने आरोप लगाया कि सरकार 2 हजार रुपये की स्ट्रीट लाइट तक स्थायी रूप से नहीं लगा पा रही है। वीडियो में आप कार्यकर्ता संदीप कन्नौजिया दावा करते दिखे कि सीएम की सभा से एक दिन पहले 5 नंबर ब्लॉक में लाइटें लगाई गईं थीं, लेकिन सभा के अगले ही दिन शनिवार सुबह उन्हें उतार लिया गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, कर्मचारियों ने बताया कि ये सरकारी लाइटें नहीं थीं, बल्कि किसी अन्य फंड से लगाई गई थीं, और इन्हें केवल कार्यक्रम के लिए लगाया था। आप का आरोप है कि सरकार ने लोगों को प्रभावित करने के लिए अस्थायी सफाई और अस्थायी लाइटें लगाकर महज दिखावा किया। लाइटें हटने के बाद इलाके में फिर से अंधेरा हो गया, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी है।