राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा - झुग्गी-बस्तियों को तोड़ने की कार्रवाई से ध्यान भटकाने का प्रयास
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
आप ने शुक्रवार को दिल्ली में झुग्गी-बस्तियों को ध्वस्त करने की कार्रवाई को लेकर भाजपा को घेरा। पार्टी मुख्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में राष्ट्रीय प्रवक्ता अनुराग ढांडा ने आरोप लगाया है कि सत्तारूढ़ भाजपा मानवता विरोधी कार्रवाई से जनता का ध्यान भटकाने के लिए अब सरकारी स्कूलों का निर्माण कराने वाले आप नेताओं पर फर्जी जांच बिठा रही है।
मोदी सरकार की जहां झुग्गी-वहां मकान की गारंटी झूठी साबित हो चुकी है। अब भाजपा चाहती है कि उस फर्जी वादे पर कोई चर्चा ही न हो, इसलिए ध्यान भटकाने के लिए एसीबी से आप नेताओं से पूछताछ करवाने के साथ-साथ छापे डलवाए जा रहे हैं। भाजपा सरकार अब तक दिल्ली में करीब 10,000 झुग्गियां तोड़ चुकी है, जिससे लगभग एक लाख लोग सड़क पर आ गए हैं। जंगपुरा, वजीरपुर, अशोक विहार और लोनी रोड जैसे क्षेत्रों में कुछ सप्ताह में सैकड़ों झुग्गियां जमींदोज की गईं हैं। अब भाजपा का एजेंडा साफ है कि गरीबों को उजाड़कर और आवाज उठाने वालों को जांच एजेंसियों से डराओ। आप सरकार ने दस वर्षों में दिल्ली के सरकारी स्कूलों को अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनाया है। यह पूरी दुनिया में स्वीकारा गया मॉडल है। भाजपा स्कूलों को मुद्दा बनाकर शिक्षा व्यवस्था को पटरी से उतारना चाहती है। जब ईडी और सीबीआई तक आप नेताओं से एक रुपये की भी भ्रष्टाचार की राशि नहीं निकाल पाईं, तो एसीबी क्या कर लेगी। सारा ड्रामा झुग्गीवालों की सिसकियां दबाने के लिए रचा जा रहा है।