नई दिल्ली के ग्रामीण इलाकों में यूईआर-2 टोल वसूली को लेकर आम आदमी पार्टी ने भाजपा की नीतियों पर सवाल उठाए हैं। पार्टी का आरोप है कि भाजपा ने गांववासियों से झूठे वादे कर धोखा दिया है। इससे ग्रामीणों में रोष है।
राजधानी के ग्रामीण इलाकों में यूईआर-2 पर टोल वसूली को लेकर आप ने भाजपा को घेरा है। बृहस्पतिवार को प्रदेश संयोजक सौरभ भारद्वाज ने कहा कि भाजपा ने देहात के लोगों से झूठ बोलकर धोखा दिया है। ग्रामीणों को पड़ोसी गांव तक जाने के लिए भी 235 रुपये टोल देना होगा।
भाजपा विधायक व सांसद जनता को गुमराह करने की आदत डाल चुके हैं। ये लोग पहले झूठ बोलते हैं और बाद में कहते हैं कि सरकार उनकी नहीं सुन रही है। जब सरकार इनकी पार्टी की ही है तो फिर रोने-धोने का नाटक क्यों करते हैं। भाजपा राज में दिल्ली देहात की अनदेखी की जा रही है। आज गांव का आदमी सोच रहा है कि भाजपा ने आखिर उसे दिया क्या है। भाजपा के पास केवल व्यापारी वर्ग का समर्थन था लेकिन अब ग्रामीणों को भी गुमराह करने की कोशिश की जा रही है।