बाइक सवार बदमाशों ने चार लोगों का मोबाइल झपटा
नोएडा। पुलिस के तमाम दावों के बाद भी शहर में मोबाइल झपटमारी की घटनाएं कम नहीं हो रही हैं। पिछले चौबीस घंटे में बाइक सवार बदमाशों ने शहर के अलग-अलग हिस्सों में एक युवती समेत चार लोगों का मोबाइल छीन लिया। पीड़ितों ने चारों वारदात की तहरीर दी है। सेक्टर-49 निवासी शिवानंद ओझा बृहस्पतिवार शाम को सेक्टर-50 स्थित कोठारी इंटरनेशनल स्कूल के पास से पैदल जा रहे थे। तभी बाइक सवार बदमाशों ने उनसे मोबाइल छीन लिया। उन्होंने इसकी शिकायत कोतवाली सेक्टर-49 पुलिस से की है। दूसरी वारदात अविशा के साथ हुई। बृहस्पतिवार शाम को वह सेक्टर-19 में पैदल जा रही थीं। तभी बाइक सवार बदमाशों ने उनसे मोबाइल छीन लिया। अविशा ने कोतवाली सेक्टर-20 पुलिस से शिकायत की है। वहीं, सेक्टर-63 की एक कंपनी में काम करने वाले रवि से बदमाशों ने मोबाइल छीन लिया। इसकी शिकायत कोतवाली फेज थ्री पुलिस से की गई है। वहीं फेस टू स्थित एनएसईजेड में ललन यादव नामक युवक से बदमाशों ने मोबाइल लूट लिया। ललन ने कोतवाली फेज टू में इसकी शिकायत की है। ब्यूरो