अजुहा युवक के मौज के बाद राहगीरों की लगी भीड
नगर पंचायत अजुहा के हाईवे पर बृहस्पतिवार शाम देशी शराब के ठेके के सामने एक ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को रौंद दिया। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, अजुहा वार्ड नंबर सात मौलाना आजाद नगर निवासी राजकुमार (35) पुत्र संभल और राजन (28) पुत्र खेलावन बृहस्पतिवार शाम किसी काम से अजुहा आए थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों बाइक से हाईवे पर पहुंचे ही थे कि तभी कानपुर की ओर से प्रयागराज की ओर जा रहे अनियंत्रित ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में राजन की मौके पर ही मौत हो गई जबकि राजकुमार गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय पुलिस मौके पर पहुंची। आरोपी ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने घायल राजकुमार को एंबुलेंस से सरकारी अस्पताल भिजवाया और पीड़ित परिजनों को सूचना देने के बाद शव को पोस्टमार्टम हाउस भिजवा दिया।
मृतक राजन दीपावली पर मुंबई से घर आया था। वह चार भाइयों में सबसे छोटा और अविवाहित था। हादसे की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, हाईवे पर शराब ठेके के पास आए दिन हादसे होते हैं लेकिन प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है।
अजुहा युवक के मौज के बाद राहगीरों की लगी भीड