बहजोई। अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार जिला बदायूं के बिसौली के गांव अतरपुरा निवासी युवक रामू की मौत हो गई। वहीं, थाना बनियाठेर के गांव अहमदनगर थैरेसा निवासी युवक प्रमोद व गुलाब सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने हादसे की जांच-पड़ताल की। हादसा मुरादाबाद-आगरा हाईवे पर बहजोई-बबराला के गांव ढकारी के निकट हुआ। दरोगा आकाश कुमार के मुताबिक परिजनों से जानकारी लेने पर सामने आया कि रामू किसी काम से गांव जैतपुर की मढ़ैया में रिश्तेदारी में आया हुआ था। बाइक पर आपने दो साथियों के साथ बहजोई की ओर से बबराला की ओर जा रहा था। तभी रास्ते में हादसा हो गया। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।