नूरपुर में सड़क दुर्घटना में युवक की मौत के बाद मौके पर जमा भीड़। संवाद
नूरपुर। शनिवार की दोपहर ढाई बजे रामगंगा पोषक नहर पटरी पर मंझौला बिल्लौच के पास डीसीएम ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार अंकित प्रजापति (29) की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उसकी बहन प्रवेश और भांजी काव्या (3) गंभीर रूप से घायल हो गईं। जिन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है। गुस्साए लोगों ने नूरपुर-अमरोहा मार्ग पर शिवाला कलां में थाने के सामने शव को रखकर जाम लगा दिया। करीब एक घंटा तक जाम रहा
थाना शिवाला कलां के गांव सेह निवासी अंकित अपनी बहन प्रवेश और भांजी काव्या (3) को साथ लेकर बाइक से नूरपुर के लिए निकला। गांव मंझौला बिल्लौच के पास डीसीएम ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने अंकित को मृत घोषित कर दिया गया जबकि गंभीर हालत में काव्या व प्रवेश को मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने शव को थाना शिवाला कलां में रखकर सड़क पर जाम लगा दिया। घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस के समझाने पर जाम खुलवाया गया। सीओ देश दीपक ने बताया कि नहर पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के आधार पर वाहन को पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। हंगामा करते लोगों को शांत करा कर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। संवाद
नूरपुर में सड़क दुर्घटना में युवक की मौत के बाद मौके पर जमा भीड़। संवाद