तावडू। नूंह जिले की तावडू सीमा से गुजर रहे केएमपी मार्ग पर अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। इकबाल निवासी गांव सुंध ने बताया कि गांव गोयला में केएमपी पुल साथ उनकी पंचर की दुकान है। रविवार सुबह जब वह अपनी दुकान पर एक अन्य व्यक्ति के साथ मौजूद था, तभी पुल की तरफ से एक जोरदार आवाज आई। आवाज सुनकर वह मौके पर गए तो देखा कि एक मोटरसाइकिल सवार सड़क पर गंभीर रूप से घायल अवस्था में गिरा हुआ था। उन्होंने बताया कि बाइक पर युवक को किसी अज्ञात वाहन ने अपनी चपेट में ले लिया। उन्होंने पीसीआर को घटना की सूचना दी जिसकी मदद से घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। जहां पर उपचार के दौरान युवक की मौत हो गई। मृतक युवक की पहचान गौरी शंकर पुत्र भगवत सिंह नगर भरतपुर राजस्थान के रूप में हुई है। संवाद