शहर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत हरिद्वार रोड पर हादसे में फैक्टरीकर्मी की मौके पर ही मौत हो गई। अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ जब कर्मचारी ड्यूटी खत्म करके लौट रहा था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पीड़ित परिजनों को हादसे की सूचना दी।
रुड़की का गंगा एन्कलेव निवासी सूरज सिडकुल स्थित एक फैक्टरी में नौकरी करता था। शुक्रवार रात को वह फैक्टरी से ड्यूटी कर एक अन्य युवक के साथ बाइक से घर की ओर लौट रहा था। देर रात जब वह हरिद्वार रोड पर ढंडेरी गांव के पास पहुंचे तो उनकी बाइक सड़क किनारे खड़ी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार दोनों घायल हो गए।
हादसा होते देख घटनास्थल पर लोगों की भीड़ लगने लगी। लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सिविल अस्पताल भेजा। वहां चिकित्सकों ने सूरज को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इंस्पेक्टर मनीष उपाध्याय ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।