बाइक बोट फर्जीवाड़ा : चार और मुकदमे दर्ज करने के आदेश
ग्रेटर नोएडा। बाइक बोट फर्जीवाड़े में मुकदमा दर्ज होने का सिलसिला लगातार जारी है। अब बुलंदशहर व बिजनौर के चार निवेशकों की अर्जी पर जिला न्यायालय ने दादरी कोतवाली पुलिस को मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया है। अधिवक्ता भूपेंद्र सिंह अत्री ने बताया कि बुलंदशहर निवासी वेदपाल, नीरज, जंग बहादुर और बिजनौर के रहने वाले रनतेज ने कोर्ट में अर्जी दाखिल कर कहा कि बाइक चलवाने के नाम पर ठगी की गई है। आरोपियों ने प्रत्येक माह किराया और दोगुना रकम देने का झांसा देकर ठगी की है। वेदपाल से ढाई लाख, रनतेज से साढ़े तीन लाख, नीरज से सवा तीन लाख व जंग बहादुर से तीन लाख ठगने का आरोप है। कंपनी के निदेशक किरनपाल ने जो चेक पीड़ितों को दिए वह भी बाउंस हो गए। परेशान होकर पीड़ितों ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। फर्जीवाड़े का मुख्य आरोपी संजय भाटी वर्तमान में गौतमबुद्ध नगर जिला जेल में बंद है। वहीं, पुलिस ने बीते दिनों आरोपी की संपत्ति भी जब्त की थी।