बौरब्यास में भाजपा नेता की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क जाम किए लोग-संवाद
- फोटो : भंगहा सीएचसी में मेगा स्वास्थ्य शिविर में मौजूद विधायक व अन्य।
धर्मसिंहवा। क्षेत्र के बौरब्यास में युवक का फंदे से लटकता शव मिलने के बाद पुलिस ने उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। शाम को जब शव वापस आया तो परिजनों ने गांव के लोगों के साथ बौरब्यास चौराहे पर शव सड़क पर रखकर जाम कर दिया। लोग भाजपा जिला महामंत्री की गिरफ्तारी पर अड़ गए। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। कड़ी मशक्कत के बाद हल्का बल प्रयोग कर किसी तरह से जाम को समाप्त कराया।
क्षेत्र के बौरव्यास गांव निवासी धर्मराज (22) ने सोमवार की रात में घर में फंदे से लटक कर जान दे दी थी। इस मामले में परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने भाजपा के जिला महामंत्री विनोद पांडेय समेत चार पर आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज किया था। उसके बाद परिजन शव का पोस्टमार्टम कराए। जिला मुख्यालय से पोस्टमार्टम होकर शव शाम को पांच बजे बौरब्यास चौराहे पर पहुंचा तो परिजन गांव के लोगों के साथ सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिए। परिजन भाजपा जिला महामंत्री समेत अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए।
सूचना पर पहुंची धर्मसिंहवा पुलिस ने उच्चाधिकारियों को जाम की सूचना दी। इसके बाद एएसपी सुशील कुमार सिंह, एसडीएम मेंहदावल संजीव राय, नायबत तहसीलदार प्रेमनारायण, सीओ सर्वदमन सिंह, एसओ बेलहर अनिल कुमार, एसओ धर्मसिंहवा अभिमन्यु सिंह, एसओ मेंहदावल सतीश सिंह, एसओ बखिरा राकेश सिंह फोर्स के साथ पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। लेकिन लोग नहीं माने और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। शाम 7.30 बजे के करीब पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर किसी तरह से जाम समाप्त कराया। लोगों के काफी समझाने के बाद परिजन शव के अंतिम संस्कार की तैयारी में जुट गए।