- रोजाना करीब 10 हजार लोगों के पहुंचने की संभावना, दबाव बढ़ा तो अस्थायी रूप से बंद होगा एक्सपो मार्ट गोलचक्कर
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। इंडिया एक्सपो मार्ट मंगलवार से 18 सितंबर तक बॉमाकॉन एक्सपो का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रतिदिन करीब 10 हजार लोगों के शामिल होने की संभावना को देखते हुए यातायात व्यवस्था में बदलाव की योजना तैयार की गई है। यातायात पुलिस के मुताबिक भीड़ और वाहनों की संख्या बढ़ने पर एक्सपो मार्ट गोलचक्कर को अस्थायी रूप से बंद कर वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से गुजारा जाएगा।
डीसीपी ट्रैफिक अभय कुमार मिश्र ने कहा कि वाहनों का दबाव बढ़ने की स्थिति में गलगोटिया कट से एक्सपो मार्ट गोलचक्कर होकर आईएफएस विला गोलचक्कर की ओर जाने वाले वाहनों को एक्सपो मार्ट गोलचक्कर से डायवर्ट किया जाएगा। वाहन बड़ा गोलचक्कर, शारदा गोलचक्कर होते हुए एलजी गोलचक्कर की तरफ से गंतव्य की ओर जा सकेंगे। इससे एक्सपो मार्ट के आसपास यातायात को सुचारु बनाए रखने का प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम में आने वाले आगंतुकों और वाहन चालकों के लिए पार्किंग की भी व्यवस्था की गई है। आगंतुक अपने वाहनों को नासा (बड़ा गोलचक्कर) पार्किंग में खड़ा कर सकेंगे।
पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित पार्किंग स्थल का ही इस्तेमाल करने की अपील की है। यातायात संबंधी किसी समस्या पर हेल्पलाइन नंबर 9971009001 पर संपर्क किया जा सकता है।