सेक्टर-38 ए स्थित गार्डन गैलेरिया मॉल की घटना
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-38 ए स्थित गार्डन गैलेरिया मॉल के एक बार में शनिवार रात बार कर्मचारी और बर्थडे पार्टी करने आए युवक भिड़ गए। दोनों पक्षों में झड़प और हंगामा चला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों ही पक्षों के 9 लोगों को पकड़ा और हवालात में डाला फिर सुबह शांतिभंग की धारा में चलान हुआ।
पुलिस का कहना है कि दोनों ही पक्षों से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मॉल स्थित एक बार में रामपुर के जीतू, राजीव, महेश, महिपाल, विशेष और राहुल शनिवार को जन्मदिन की पार्टी करने आए थे। सभी नोएडा की निजी कंपनी में नौकरी करते हैं और शहर के अलग-अलग हिस्से में रहते हैं। पार्टी के दौरान रात एक बजे के करीब जब सभी शराब पी रहे थे तभी वह सर्विस ठीक से नहीं मिलने की बात को लेकर बार कर्मियों से भिड़ गए। हंगामा बढ़ता देख बार मैनेजर ने पुलिस को बुला लिया। इसके अलावा मिलीनियर्स बार में तीन कर्मियों विजय, रविंद्र और सूफियान के खिलाफ भी पुलिस ने कार्रवाई की है।