संभावित प्रत्याशियों ने बार कार्यकारिणी को भेजा खुला पत्र
हाईकोर्ट के पुराने आदेश का हवाला देकर कहा दिसंबर के तीसरे सप्ताह में ही हों चुनाव, टालना अवमानना होगी
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। जिला दीवानी एवं फौजदारी बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव समय पर कराने की मांग को लेकर संभावित प्रत्याशियों ने बार कार्यकारिणी को खुला पत्र जारी किया है। प्रत्याशियों ने चेतावनी दी है कि तय समय पर चुनाव घोषित न होने पर वे मंगलवार से न्यायालय परिसर में अनिश्चितकालीन धरना शुरू करेंगे।
अध्यक्ष पद के प्रत्याशी मनोज भाटी बोड़ाकी और शिव कुमार बैंसला ने बताया कि 14 नवंबर को भेजे पत्र में दिसंबर 2025 के तीसरे सप्ताह में चुनाव कराने की मांग की गई थी। उनका कहना है कि बार काउंसिल ऑफ इंडिया द्वारा 20-21 जनवरी 2026 को प्रस्तावित यूपी बार काउंसिल चुनाव की वजह से जिला बार चुनाव की तिथि में बदलाव की आवश्यकता नहीं है।
प्रत्याशियों ने इलाहाबाद हाईकोर्ट के रिट-42417/2015 का हवाला देते हुए कहा कि जिला बार चुनाव में बार काउंसिल का हस्तक्षेप मान्य नहीं है। आदेश का पालन न करना अवमानना माना जाएगा और इसकी जिम्मेदारी अध्यक्ष पर होगी।
वहीं बार अध्यक्ष प्रमेंद भाटी ने कहा कि यूपी बार काउंसिल के आगामी चुनाव को देखते हुए बार काउंसिल ऑफ इंडिया ने 15 नवंबर से 15 फरवरी तक देशभर में सभी बार चुनावों पर रोक लगाई है। मामले पर हाईकोर्ट में सुनवाई होगी और निर्णय के अनुसार ही कार्रवाई की जाएगी।