मां सुषमा स्वराज व दादा-दादी से विरासत में मिले गहने शामिल
84 लाख की मर्सिडीज बेंज और 15.92 लाख की टोयोटा है
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज की बेटी बांसुरी स्वराज 19 करोड़ से अधिक की चल-अचल संपत्ति की मालकिन हैं। नामांकन के लिए दाखिल एफिडेविट के मुताबिक, बांसुरी ने इंग्लैंड से अंग्रेजी साहित्य में बीए (ऑनर्स) और लंदन के प्रतिष्ठित बीपीपी लॉ स्कूल से कानून व ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय के सेंट कैथरीन कॉलेज से मास्टर ऑफ स्टडीज की पढ़ाई की है।
उन्होंने वर्ष 2007 में लंदन से बैरिस्टर के रूप में अर्हता भी हासिल की है। उन्होंने कमाई का जरिया वकील के तौर पर मिलने वाली फीस और बैंक में जमा राशि से मिलने वाले ब्याज को बताया है। बांसुरी के पास मां से मिला 61.23 लाख रुपये का सोना और 4.27 रुपये की चांदी है। साथ ही, 77.8 लाख रुपये का सोना और 4.35 लाख रुपये की चांदी दादा-दादी से मिले हैं। इस तरह 8.2 करोड़ की एफडी मिलाकर 11.28 करोड़ की चल संपत्ति है। उनके पास 99,444 रुपये नकद हैं। उन्होंने गत वर्ष 84 लाख की मर्सिडीज बेंज और 15.92 लाख रुपये की टाेयोटा खरीदी है। बांसुरी के नाम नई दिल्ली क्षेत्र में तीन फ्लैट हैं जो माता-पिता से विरासत में मिले हैं। बांसुरी के पास 8.2 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है, जिसमें हरियाणा में कुछ एकड़ पुश्तैनी जमीन भी शामिल है।