नूंह। जिला मुख्यालय के शाहपुर नंगली में वर्षों से रह रहे रोहिंग्या मुसलमानों के एक कैंप से सोमवार को एक बांग्लादेशी नागरिक को गिरफ्तार किया गया। उसकी पहचान नरूल कबीर पुत्र हसन मोहम्मद निवासी इस्लामाबाद वार्ड नंबर तीन जिला कोकस बांग्लादेश के रूप में हुई है। पुलिस उससे पूछताछ में जुटी हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार नरूल कबीर रविवार को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से नूंह शाम को करीब सात बजे आया था। इसकी सूचना सोमवार सुबह नूंह सीआइडी को लग गई। नूंह सिटी थाना प्रभारी जगराम सिंह ने बताया कि बांग्लादेशी नागरिक के रूप में नरूल हसन की पहचान हुई है। यह नूंह के शाहपुर नंगली में वर्षों से रह रहे रोहिंग्या के मोहम्मद सफीक से मिलने के लिए आया हुआ था। शक के आधार पर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामले की आगामी पूछताछ की जा रही है। जिसके आधार पर ही कुछ कहा जा सकता है। फिलहाल आरोपी पुलिस की गिरफ्त में है।