माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। सत्र न्यायालय ने नैनीताल बैंक के आरटीजीएस सर्वर को हैक कर 16 करोड़ की धोखाधड़ी के मामले में आरोपी शानू की द्वितीय जमानत याचिका को खारिज कर दिया है। आरोपी के खिलाफ थाना साइबर क्राइम नोएडा में केस दर्ज है।
अभियोजन के अनुसार 10 जुलाई 2024 को दर्ज एफआईआर में शिकायतकर्ता सुमित श्रीवास्तव ने आरोप लगाया था कि 2020 से 2024 के बीच नैनीताल बैंक और आरबीआई के आरटीजीएस सिस्टम को हैक कर 84 ट्रांजेक्शन के जरिए 16 करोड़ 71 लाख 33 हजार से अधिक की धोखाधड़ी की गई। यह धनराशि कई फर्जी खातों में स्थानांतरित की गई थी। वहीं आरोपी की ओर से दायर जमानत याचिका में कहा गया था कि वह नामजद आरोपी नहीं है। दिल्ली उच्च न्यायालय पहले ही एक अन्य एफआईआर रद्द कर चुकी है। शानू का दावा रहा कि वह एक वेल्डर है और झूठे आरोपों में फंसाया गया है।
वहीं अभियोजन पक्ष ने जमानत का विरोध करते हुए कहा कि शानू ने सहअभियुक्त हर्ष बंसल के साथ मिलकर साजिश रची। आरोपी ने बैंक के सर्वर को हैक कर उसमें जमा 99.80 लाख से अधिक की रकम अन्य खातों में ट्रांसफर की थी। आरोपी ने संजय नाम के व्यक्ति से बैंक खाते भी किराये पर लिए थे। आरोपी नाइजीरियन नागरिक अमेका उर्फ एलेक्स को ठगी की दो प्रतिशत रकम के हिसाब से किराये पर देता था। न्यायालय ने पाया कि आरोपी के विरुद्ध प्रथम जमानत पहले ही 19 जून को खारिज की जा चुकी है और द्वितीय जमानत याचिका में कोई नया तथ्य प्रस्तुत नहीं किया गया है। इस कारण जमानत याचिका खारिज हो गई।