भदोही नगर बाईपास मार्ग की दशा जिस पर जगह जगह गड्ढे हो गए हैं। संवाद
भदोही। जिले में आगामी 11 अक्तूबर से अंतरराष्ट्रीय कालीन मेला शुरू होने जा रहा है। इसे लेकर कालीन निर्यात संवर्धन परिषद (सीईपीसी) तैयारियों में जुटा है। इस बीच वाराणसी स्थित होटलों में ठहरने वाले आयातकों को फेयर में शामिल होने के लिए खराब सड़कों से गुजरना होगा। भदोही नगर के इंदिरा मिल चौराहे पर बने ओवरब्रिज की सड़क बेहद खराब हो चुकी है। इसके अलावा जनपद के प्रमुख कस्बों को जाने वाली सड़कें भी बदहाल हैं। सीईपीसी ने जिला प्रशासन से एक्सपो शुरू होने से पहले गड्ढों को भरने की मांग की है। इंडिया कार्पेट एक्सपो का आयोजन भदोही में होने का एक लाभ यह है कि विभिन्न देशों के सैकड़ों खरीदार भदोही आते हैं। भदोही प्रवास के दौरान वे जनपद के उपनगरों में कालीन निर्यातकों के प्रतिष्ठानों का भी दौरा करते हैं। इसे देखते हुए कहा जा रहा है कि खमरिया, माधोसिंह, घोसिया, परसीपुर, नईबाजार, सुरियावां, गोगीगंज, औराई आदि को जाने वाली सड़कें सुगम होनी चाहिए। कालीन निर्यातकों का कहना है कि इंदिरा मिल चौराहे को पहुंचने वाली सभी सड़कों के गड्ढे तत्काल भरे जाने चाहिए, क्योंकि चार दिन के एक्सपो के दौरान हर तरफ से वाहन भदोही कार्पेट सिटी की ओर आएंगे। सीईपीसी के चेयरमैन केआर वाटल ने कहा कि चार दिन में देश-विदेश से एक हजार निर्यातक और आयातक भदोही में होंगे। जब वे लौटें तो भदोही की अच्छी यादें लेकर लौटें। इसलिए जिला प्रशासन को सड़कों की मरम्मत करानी चाहिए।