बेबी केयरटेकर पर लाखों के आभूषण और सामान चोरी करने का आरोप
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट की एक सोसाइटी में रहने वाले परिवार ने अपनी बेबी केयरटेकर पर सोने के आभूषण, नकदी और अन्य कीमती सामान चोरी करने का आरोप लगाया है। पीड़ित की तहरीर पर इकोटेक-3 कोतवाली पुलिस ने शनिवार को प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है। कोको काउंटी सेक्टर-10 निवासी अनुज यादव ने बताया कि करीब दो माह पहले प्रतापगढ़ निवासी महिमा सिंह को अपने घर में बेबी केयरटेकर के रूप में काम पर रखा था। महिमा 13 जून से 21 जून तक छुट्टी पर रही और 23 जून को एक दिन काम पर आने के बाद बिना किसी सूचना के अचानक काम पर आना बंद कर दिया। इसके बाद कई बार फोन करने पर भी उसने कॉल रिसीव नहीं की। इसी दौरान घर से एक बैग गायब मिला, जिसमें एक सोने का कंगन, चार सोने की अंगूठियां और दो हजार रुपये रखे थे। इसके अलावा एक मोबाइल, ईयरबड्स और कुछ पहनने के कपड़े भी घर से गायब पाए गए। आशंका है कि उक्त चोरी केयरटेकर महिमा सिंह ने ही की है। कोतवाली प्रभारी अजय कुमार का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है। ब्यूरो