फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Noida News: आयुष्मान आरोग्य मंदिर शुरू, घर के नजदीक मिलेगा इलाज

विज्ञापन
विज्ञापन
पहले चरण में 33 जगहों पर शुरू हुई सुविधा, जल्द संख्या होगी 1100 पार
विज्ञापन

इलाज के साथ मिलेगी जांच की सुविधा, घटेगा बड़े अस्पतालों का बोझ
-
17 जन औषधि केंद्रों भी हुए शुरू
12 सर्विस पैकेज मिलेंगे लोगों को
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। राजधानी में मंगलवार को 33 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों का शुभारंभ हुआ। इनकी मदद से दिल्लीवालों को घर के नजदीक बेहतर इलाज की सुविधाएं मिलेंगी। इनमें 12 सर्विस पैकेज, इन-हाउस लैब, गर्भवती और बुजुर्गों के लिए विशेष सेवाएं उपलब्ध करवाई गईं हैं। इनकी मदद से दिल्ली के बड़े अस्पतालों का बोझ घटेगा। साथ ही, बढ़ते गैर संचारी रोगों की पहचान तेजी से होगी।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने तीस हजारी व दिल्ली सचिवालय में आयुष्मान आरोग्य मंदिर का उद्घाटन किया। इसके अलावा 17 जन औषधि केंद्रों का भी शुभारंभ किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की परिकल्पना के अनुरूप स्वास्थ्य क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव लाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। आयुष्मान भारत मिशन के तहत दिल्ली सरकार 1139 आयुष्मान आरोग्य मंदिर राजधानी में स्थापित करेगी। दिल्ली के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 15 आरोग्य मंदिर खोले जाएंगे। जहां नागरिकों को मुफ्त बुनियादी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। आयुष्मान आरोग्य मंदिर दिल्ली के लोगों के लिए एक नई उम्मीद की किरण लेकर आए हैं। यह केंद्र न केवल प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त करेंगे, बल्कि दिल्ली के हर नागरिक तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने में भी मदद करेंगे।
विज्ञापन


मोहल्ला क्लीनिक से बेहतर सुविधा

सीएम ने कहा कि मोहल्ला क्लीनिक केवल सामान्य ओपीडी सेवाएं प्रदान करते थे जबकि आयुष्मान आरोग्य मंदिर 12 सर्विस पैकेजों के तहत व्यापक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराएंगे। इनमें गर्भवती महिलाओं के लिए टीकाकरण, प्रसवपूर्व देखभाल, मानसिक स्वास्थ्य सेवाएं, बुजुर्गों के लिए आरामदेह देखभाल व राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की योजनाओं सहित टीबी उन्मूलन, कुष्ठ रोग उन्मूलन और गैर-संचारी रोगों पर फोकस शामिल है। इसके अलावा इन केंद्रों में इन-हाउस लैब टेस्ट की सुविधा भी होगी। मोहल्ला क्लीनिक केवल भ्रष्टाचार को बढ़ावा दे रहे थे। इनमें आउटसोर्स कर करोड़ों रुपये का गबन किया गया। किराये पर जगह लेकर कई गुना अधिक कीमतें चुकाई गईं। केंद्र सरकार ने दिल्ली को 2400 करोड़ रुपये की विशेष हेल्थ ग्रांट दी थी, जिसे 5 वर्षों में इस्तेमाल नहीं किया गया। अब जहां-जहां आरोग्य मंदिर खुलेंगे, वहां मोहल्ला क्लीनिक बंद कर दिए जाएंगे।

एक हजार लोगों पर तीन बेड की व्यवस्था

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली की स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करते हुए एक हजार लोगों पर तीन बेड की व्यवस्था होगी। कोई भी दिल्लीवासी इलाज के अभाव में जान नहीं गंवाएगा। सभी सरकारी अस्पतालों में औषधि केंद्र खुलेंगे। मंगलवार को दिल्ली सरकार के 17 अस्पतालों में 17 जन केंद्रों का भी उद्घाटन किया गया। इनमें दवाएं, चिकित्सा उपकरण और सर्जिकल वस्तुएं बाजार मूल्य से 50% से 80% तक सस्ती होंगी।

कुशल डॉक्टर करेंगे इलाज : पंकज सिंह
स्वास्थ्य मंत्री पंकज कुमार सिंह ने विकास नगर के गुप्ता एन्क्लेव में आयुष्मान आरोग्य मंदिर का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि इनमें कुशल डॉक्टरों के साथ नर्सिंग स्टाफ, ड्रेसिंग स्टाफ, वैक्सीनेशन स्टाफ समेत मरीजों को इलाज के लिए हर प्रकार की गुणवत्तापूर्ण जरूरी मेडिकल सुविधाएं और दवाइयां उपलब्ध हैं।

दिल्ली को मिलेगी स्वस्थ जीवन की गारंटी : कपिल
मंत्री कपिल मिश्रा ने करावल नगर स्थित खजूरी क्षेत्र में आरोग्य मंदिर का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि करावल नगर क्षेत्र में 5 और जगहों पर आरोग्य मंदिर जल्द ही दिल्ली सरकार स्थापित करेगी। हर वार्ड में 2 आरोग्य मंदिर खोलने का लक्ष्य है। इन से लोगों को स्वस्थ जीवन की गारंटी मिलेगी।
विज्ञापन

मिलेगी बेहतर इलाज की सुविधा : सूद

शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने जनकपुरी में आयुष्मान आरोग्य मंदिर का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि जल्द ही जनकपुरी विधानसभा में 11 और आयुष्मान आरोग्य मंदिर शीघ्र खोले जाएंगे। सभी जगह इलाज की बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें