-नवरात्रि के सात दिन दिखा बिक्री में रिकॉर्ड उछाल, दिवाली से खासी उम्मीदें
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। भारत सरकार की ओर से जीएसटी में किए गए बदलाव का सीधा और सकारात्मक असर आटोमोबाइल सेक्टर में देखने को मिला। नवरात्रि के पहले दिन से लेकर अगले सात दिनों (22 से 28 सितंबर) में ही वाहनों की बिक्री ने रिकॉर्ड तोड़ा है।
परिवहन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार इस नवरात्र के सिर्फ सात दिनों में लगभग 2000 दोपहिया वाहन और 1400 चार पहिया गाड़ियां बिक चुकी है। इस दौरान करीब 900 करोड़ रुपए की बिक्री दर्ज की गई है। इन दिनों लग्जरी वाहनों की बिक्री में खासा उछाल देखा गया। विभाग से मिली जानकारी के अनुसार 50 लाख रुपए से अधिक की कीमत वाले करीब 310 वाहनों की बिक्री दर्ज की गई है। जबकि पिछले साल इस समय तक या संख्या सिर्फ 206 तक सीमित थी। डीलरों के मुताबिक दशहरे तक यह आंकड़ा और ऊपर जाने की उम्मीद जताई जा रही है। डीलरों के अनुसार, कई वाहनों को लेने के लिए अब लोगों को इंतजार तक करना पड़ रहा है। हालांकि अभी 29 सितंबर से एक 30 अक्तूबर तक के वाहनों की बिक्री के आंकड़े जारी नहीं किए गए हैं, लेकिन जानकारों का अनुमान है कि अंतिम दिनों में वाहनों की बिक्री काफी अधिक होती है।
इलेक्ट्रिक वाहन बने आकर्षण का केंद्र
इस बार इलेक्ट्रिक और हाइब्रिड वाहनों की बिक्री में भी खासा इजाफा देखा जा रहा है। अब तक 364 ऐसे वाहनों का पंजीकरण हो चुका है, जिसका मुख्य कारण इन पर 100 फीसदी कर छूट है। सरकार द्वारा इलेक्ट्रिक वाहनों में दी जा रही सब्सिडी लोगों को सबसे ज्यादा आकर्षित कर रही है। हालांकि इस छूट का लाभ उठाने के लिए शहरवासियों को14 अक्तूबर तक पंजीकरण कराना होगा।
वर्जन
इस बार वाहनों का पंजीकरण उम्मीद से कहीं अधिक हो रहा है। हम अभी 6,000 वाहनों के पंजीकरण की और उम्मीद कर रहे हैं और इसके लिए सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
- सियाराम वर्मा, एआरटीओ प्रशासन, परिवहन विभाग, गौतमबुद्ध नगर