यातायात व्यवस्था हो रही बेपटरी, यातायात पुलिस की तैनाती के बावजूद नियमों का कर रहे उल्लंघन
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। शहर के प्रमुख चौराहों और तिराहों पर ऑटो चालकों की मनमानी से यातायात व्यवस्था बेपटरी हो रही है। परी चौक, सूरजपुर टी-प्वाइंट और दादरी में ऑटो चालक सरेआम यातायात नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं। कहीं सड़क के बीचोंबीच ऑटो खड़े कर सवारियां बिठाई जा रही हैं तो कहीं क्षमता से अधिक यात्रियों को बिठाकर सफर कराया जा रहा है। हैरानी की बात यह है कि इन स्थानों पर यातायात पुलिस की तैनाती के बावजूद नियमों का उल्लंघन जारी है। इससे आए दिन जाम की स्थिति बन रही है और हादसों का खतरा भी बढ़ रहा है।
दादरी में चौकी के सामने ऑटो का जमावड़ा
दादरी के मुख्य तिराहे पर यातायात व्यवस्था संभालने के लिए एक दरोगा और तीन सिपाहियों की तैनाती रहती है। इसके बावजूद तिराहे पर ऑटो चालकों की मनमानी जारी है। ऑटो पुलिस चौकी के सामने ही खड़े कर दिए जाते हैं और सड़क पर ही सवारियां बिठाई जाती हैं। सड़क के बीच में ऑटो खड़े होने से यातायात बाधित होता है और अन्य वाहन चालकों को जाम से जूझना पड़ता है।
सूरजपुर में नाबालिग भी चला रहे ऑटो
सूरजपुर टी-प्वाइंट पर भी यातायात पुलिस की तैनाती रहती है, लेकिन यहां भी नियमों का पालन नहीं हो रहा है। ऑटो चालक तिराहे के बीच में वाहन खड़े कर सवारियां भरते हैं। कई ऑटो चालक तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हैं। आरोप है कि कुछ ऑटो नाबालिग भी चला रहे हैं। वाहन चलाते समय मोबाइल पर बात करने की प्रवृत्ति भी आम है। तीन सवारियों की क्षमता वाले ई-रिक्शा में आठ से दस यात्रियों को बिठाया जाता है।
परी चौक पर गोलचक्कर के पास खड़े रहते हैं ऑटो
परी चौक पर भी यातायात पुलिस के दरोगा और सिपाहियों की तैनाती रहती है। इसके बावजूद गोलचक्कर के आसपास ऑटो की कतार लगी रहती है। चालक वहीं ऑटो खड़े कर सवारियों का इंतजार करते हैं और यातायात बाधित करते हैं। इससे व्यस्त चौराहे पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित होती है। लोगों का कहना है कि प्रमुख चौराहों पर ऑटो के लिए निर्धारित स्थान तय करने के साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जरूरत है।.
यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर ऑटो चालकों के खिलाफ समय-समय पर अभियान चलाया जाता है। पिछले दिनों छह से अधिक ऑटो चालकों के ई-चालान किए हैं।
- प्रशाली गंगवार, एसीपी, ग्रेटर नोएडा