-तीन स्थानों पर दो लाख वर्ग मीटर क्षेत्र में सजेगा वाहनों का मेला, पांच लाख विजिटर्स करेंगे शिरकत
- 5100 विदेशी करेंगे ऑटो एक्सपो में शिरकत, भविष्य के वाहनों की दिखेगी झलक
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट समेत तीन स्थानों पर 17 जनवरी से से 22 जनवरी के बीच ऑटो एक्सपो लगेगा। 17वें ऑटो एक्सपो में ऑटोमोबाइल जगत की 34 से अधिक कंपनियां भाग ले रही हैं। जो भविष्य के वाहनों का प्रदर्शन करेंगी। दो लाख वर्गमीटर क्षेत्र में गाड़ियों का मेला लगेगा। देश-विदेश के 5 लाख लोगों के आने की उम्मीद है। एक्सपो में दो पहिया और चार पहिया के अलावा ईवी की कई कंपनियां भी शामिल होंगी।
छह दिवसीय ऑटो एक्सपो में पावर ट्रेन से संबंधित तकनीकों का प्रदर्शन किया जाएगा। आयोजन में टाटा मोटर्स, मारुति सुजुकी, महिंद्रा एंड महिंद्रा, टोयोटा किर्लोस्कर मोटर, हुंडई मोटर इंडिया, किआ मोटर इंडिया, जेएसडब्ल्यू एमजी मोटर और स्कोडा ऑटो वोक्सवैगन इंडिया शामिल हैं। साथ ही बीएमडब्ल्यू, मर्सिडीज, पोर्श इंडिया और बीवाईडी जैसी लग्जरी कार निर्माता कंपनियां भी अपने उत्पाद प्रदर्शित करेंगी। दोपहिया वाहनों की श्रेणी में टीवीएस मोटर कंपनी, बजाज ऑटो, हीरो मोटोकॉर्प, होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया, सुजुकी मोटरसाइकिल और इंडिया यामाहा की भागीदारी होगी। वोल्वो आयशर कॉमर्शियल व्हीकल्स, अशोक लीलैंड, जेबीएम और कमिंस इंडिया भी इस कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। हालांकि पिछले शो में नामी कंपनियों ने दूरी बना ली थी, लेकिन इस बार लोगों को मायूस नहीं होना पड़ेगा। आयोजक जल्द ही ऑटो एक्सपो को लेकर जरूरी घोषणा करेंगे।
इन स्थानों पर किया जा रहा आयोजन
भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो 2025 का आयोजन एक साथ तीन स्थानों पर किया जाएगा। इनमें दिल्ली के भारत मंडपम, द्वारका का यशोभूमि (इंडिया इंटरनेशनल कन्वेंशन एंड एक्सपो सेंटर) और ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट को चुना गया है।