-सेक्टर डेल्टा-2 के श्मशान घाट में भगवान शंकर की प्रतिमा के पास मिला शव
-पारिवारिक तनाव और नशे की लत की बात आई सामने, परिजनों ने नहीं दी शिकायत
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। सेक्टर डेल्टा-2 के श्मशान घाट में भगवान शंकर प्रतिमा के पास सोमवार एक ऑटो चालक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची सूरजपुर कोतवाली पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में लग रहा है कि ऑटो चालक ने सब्जी काटने वाले चाकू से हाथ और गले की नस काटकर जान दी है। युवक की पेंट की जेब से गांजा मिला है। युवक पत्नी के अलग रहने के साथ तीन दिन पहले ऑटो छीने जाने की बात से परेशान था। परिजनों ने मामले में कोई शिकायत नहीं दी है।
जानकारी के अनुसार राहुल (30) साकीपुर गांव में किराये के मकान में मां के साथ रहता था। युवक का बुलंदशहर निवासी एक महिला से 2018 में विवाह हुआ था। विवाह के कुछ समय बाद पत्नी अलग रह रही थी। करीब आठ साल पत्नी पारिवारिक कारण से बुलंदशहर में रह रही है। उसने युवक पर केस भी कर रखा है। शादी के बाद पत्नी के अलग रहने से वह परेशान था। तीन दिन पूर्व उसकी मां ने काम नहीं करने पर किसी दूसरे युवक को टेंपो चलाने के लिए दे दिया था। इसके बाद से वह मानसिक में आ गया था।
सोमवार को घर नहीं आने पर परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। इसी दौरान दोपहर करीब साढ़े 12 बजे पुलिस को युवक के बारे में सूचना मिली। घटनास्थल की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को अवगत कराया गया। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए। घटनास्थल के पास सब्जी काटने का चाकू बरामद हुआ है। वहीं एसीपी सेंट्रल नोएडा राजीव कुमार गुप्ता ने बताया कि युवक की जेब से गांजा मिला है। पत्नी अलग बुलंदशहर में रहती है। घटनास्थल के पास चाकू भी मिला है। परिजन ने मामले में कोई शिकायत नहीं की है।
पारिवारिक वजहों के कारण तनाव में था
पुलिस को मृतक के परिजनों से जानकारी मिली कि राहुल पिछले कुछ समय से पारिवारिक समस्याओं के कारण काफी तनाव में था। घटना के वक्त उसके पास फोन नहीं था। पत्नी के अलग रहने से युवक की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। पुलिस जांच में प्रथमदृष्टया यह प्रतीत हो रहा है कि मृतक ने स्वयं अपने गले और हाथ की नस काटकर आत्महत्या की है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।
-
इस साल संदिग्ध परिस्थितियों में मिले शव
- 12 जनवरी 2026 : सेक्टर बीटा-2 में संदिग्ध परिस्थितियों में कॉल सेंटर में काम करने वाली एक युवती का शव कार के नीचे मिला था। बीटा-2 कोतवाली पुलिस ने इस मामले का पर्दाफाश करते हुए एक आरोपी को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया था।
- 29 जनवरी 2026 : सादुल्लापुर गांव में एक घर में पति और पत्नी के शव मिले थे। दंपति के तीन बच्चे भी घर में बेहोशी या गंभीर हालत में पाए गए थे। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। अब वे खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं। इस मामले में परिजन ने कोई शिकायत नहीं दी है।