सुनसान इलाके में सवारियों को लूटने वाला ऑटो चालक गिरफ्तार
नोएडा। सेक्टर-39 कोतवाली पुलिस ने बृहस्पतिवार को चेकिंग के दौरान एक ऑटो चालक को गिरफ्तार किया है। पूछताछ और ऑटो के नंबर की जांच कर पता चला कि आरोपी सुनसान इलाकों में ले जाकर सवारियों को लूट लेता था। उसके साथ भी पहले से सवारी बनकर ऑटो में बैठे रहते थे। आरोपी की पहचान दिल्ली के जैतपुरा खड्डा कॉलोनी निवासी शिव कुमार उर्फ शिवा के रूप में हुई है। वह अब तक 13 लोगों से लूटपाट कर चुका है। उसके पास से नकदी और फोन बरामद हुआ है। बाकी फोन उसने बेच दिए हैं। वहीं, पुलिस इसके साथियों की तलाश कर रही है। एडीसीपी रणविजय सिंह ने बताया कि शिवकुमार नोएडा में ऑटो चलाता था। वह बाहरी लोगों को देखकर उनके साथ लूटपाट करता था। इससे पहले वह अपने साथी को सवारी बनाकर बिठा लेता था। सुनसान रास्ते में चाकू के बल पर फोन और नकदी लूट लेता था। फिर कई दिनों तक नोएडा में ऑटो नहीं चलाता था। इसी वजह से आरोपी अभी तक बचा हुआ था। 2019 में सेक्टर-39 कोतवाली में इसी तरह की एक शिकायत दर्ज हुई थी।