यूनिटेक के रद्द प्लॉट की नीलामी कराएगा प्राधिकरण
नोएडा। सीईओ रितु माहेश्वरी ने शुक्रवार को कहा कि सेक्टर-113 में रद्द किए गए यूनिटेक के प्लॉट की अब नोएडा प्राधिकरण नीलामी कराएगा। इससे राजस्व की प्राप्ति होगी। हालांकि, इसमें फ्लैट खरीदारों के हितों की भी रक्षा की जाएगी।
उन्होंने कहा कि अभी मार्केट का सर्वे कराया जा रहा है। इसके बाद यह तय किया जाएगा कि इस प्लॉट को कैसे बेचा जाए। अगर इस प्रोजेक्ट में कोई खरीदार है तो उसे सामने आना चाहिए। प्राधिकरण प्लॉट की नीलामी जिसे भी करेगा, उससे खरीदारों के हितों की रक्षा भी कराएगा। सही प्रोजेक्ट को सपोर्ट किया जाएगा और गलत के खिलाफ कार्रवाई होगी। यूनिटेक के प्लॉट पर अवैध निर्माण की बात हाल ही में पता चली। इस दौरान जो टावर बन गए। यह जांच का विषय है कि इस पर लगाम क्यों नहीं लगाई गई। यूनिटेक के जो प्रोजेक्ट कोर्ट में हैं उसे भी सुलझाकर प्राधिकरण को वापस देने की अपील की गई है, ताकि पीएसपी से उन मामलों में भी प्राधिकरण हल निकाल सके। यूनिटेक के पांच प्रोजेक्ट हैं। जिन पर करीब 7500 करोड़ का बकाया है। व्यावसायिक में अलग बकाया है। उसका आकलन किया जा रहा है।
1000 फ्लैटों के ओसी जल्द होंगे जारी
सीईओ का कहना है कि 1000 फ्लैटों के ऑक्यूपेंसी सर्टिफिकेट (ओसी) जारी किए गए हैं। 1000 अन्य फ्लैटों के ओसी भी जल्द जारी होंगे, ताकि खरीदारों को फायदा हो सके। 15 दिन में ओसी जारी करने के निर्देश हैं। इसके अलावा जिन मामलों में ओसी जारी हुए हैं। उनमें बिल्डर री-शिड्यूलमेंट अपना रहे हैं और बकाया जमा करने की कवायद कर रहे हैं। सुपरटेक ने भी री-शिड्यूलमेंट के लिए आवेदन किया है।
डीजी सेट की इकट्ठी हो रही सूचना
सीईओ का कहना है कि डीजी सेट के लिए प्राधिकरण सूूचना इकट्ठी कर रहा है। इसके बाद इसे प्रदूषण विभाग को दिया जाएगा, जो कि नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई करेगा। प्रदूषण की रोकथाम के लिए पानी का छिड़काव किया जा रहा है। मेकेनिकल स्वीपिंग को लेकर शिकायत आई है। जुर्माना बढ़ाने की कार्रवाई हो रही है। निर्माण सामग्री को ढकने को कहा गया है।