नोएडा। नोएडा प्राधिकरण की ओर से छोटे-छोटे व्यवसाय करने वालों के लिए कियोस्क का निर्माण कराया गया है। इन दुकानों को प्राधिकरण किराये पर देगा। हालांकि किराये पर देने से पहले दुकानों की नीलामी होगी। नीलामी के माध्यम से किराये की दर का फैसला होगा।
नोएडा प्राधिकरण के अधिकारी ने बताया कि सेक्टर-18 में छोटे-छोटे 17 कियोस्क बनाए गए हैं। इसकी साइज करीब 7 वर्गमीटर है। इसका मकसद उन छोटे दुकानदारों को प्रोत्साहित करना है जिनके पास बड़े दुकानों को खरीदने के लिए फंड नहीं है। इसके अलावा उन दुकानदारों को भी प्रोत्साहित करने का प्रयास होगा जो कि शहर के सबसे बेहतर लोकेशन पर अपना काम करना चाहते हैं। लेकिन अब तक नहीं कर पा रहे हैं।
योजना के मुताबिक 17 कियोस्क किराए पर दिए जाएंगे। प्रत्येक कियोस्क के लिए एक बेस किराया तय किया जाएगा। इसके लिए आवेदन करना होगा। आवेदन के बाद उनको नीलामी का समय मिलेगा। निश्चित तिथि पर उनको किराये की बोली लगानी होगी। जो भी आवेदक सबसे ज्यादा बोली लगाएगा। उसे वह दुकान किराये पर आवंटित कर दी जाएगी। आवंटन के बाद वह अपना काम कर सकेगा। हालांकि इससे पहले नोएडा प्राधिकरण की ओर से एक नीति बनाई जाएगी। इसे आवंटन समिति बनाएगा। आवंटन समिति की ओर से तय नीति के तहत बेस किराया भी तय होगा। इसके अलावा किराये के कियोस्क का आवंटन 11 साल के लिए होगा।
सेक्टर-18 में ओपन एंफीथियेएटर बनकर तैयार
सेक्टर-18 में ओपन एंफीथियेटर बनकर तैयार हो गया है। कभी भी इसका उद्घाटन हो सकता है। प्राधिकरण के अधिकारियों का कहना है कि कोरोना की दूसरी लहर की वजह से इसकी शुरुआत नहीं हो पा रही है। इसे जल्द खोला जाएगा। लोगों के मार्केट में आने के बाद यहां मनोरंजन का मौका मिल सकेगा।