डीएमआईसी के लिए 83 हेक्टेयर जमीन का होगा अधिग्रहण
ग्रेटर नोएडा। दिल्ली मुंबई इंडस्ट्रियल कॉरिडोर (डीएमआईसी) से जुड़ी परियोजनाओं को पूरा करने के लिए प्राधिकरण 83 हेक्टेयर जमीन अधिगृहीत करेगा। इसका प्रस्ताव जिला प्रशासन के जरिये शासन को भेजा गया है। ग्रेटर नोएडा में दिल्ली मुंबई इंडस्ट्रियल कॉरिडोर से जुड़ी तीन परियोजनाओं पर काम चल रहा है। इनमें एक ट्रांसपोर्ट हब बोड़ाकी गांव के पास प्रस्तावित है। लॉजिस्टिक हब और इंटीग्रेटेड टाउनशिप चिटेहरा, पल्ला व कटेहरा गांव के पास प्रस्तावित है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण इन तीनों परियोजनाओं के लिए करीब 5 वर्ष पूर्व ही किसानों से सीधे जमीन खरीद चुका है। योजनाओं के लिए प्रस्तावित 20 फीसदी जमीन अभी नहीं मिल पाई है। सूत्रों ने बताया कि इसमें से अधिकांश जमीन वह है, जिस पर किसानों के मकान बने हैं। बोड़ाकी गांव में ऐसी जमीन पर 100 से भी ज्यादा मकान बने हैं। पल्ला व चिटेहरा गांव में भी काफी बड़ी संख्या में मकान हैं। ऐसे में प्राधिकरण ने प्रभावित किसानों के लिए लाभकारी योजना नहीं बनाई तो दोनों के बीच अधिग्रहण को लेकर टकराव की आशंका है।