संवाद न्यूज एजेंसी
नोएडा। सेक्टर-50 में एसटीपी प्लांट से जैन मंदिर रोड होते हुए केंद्रीय विहार की ओर जाने वाली सड़क पाइपलाइन डालने के लिए करीब दो माह पहले खोदी गई थी। पाइपलाइन बिछाने का काम पूरा होने के बावजूद सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई है। जगह-जगह गड्ढे और ऊबड़-खाबड़ हिस्सों के कारण वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भरने से हादसे का खतरा भी बढ़ जाता है।
सेक्टर-50 निवासी अमित गुप्ता ने बताया कि जून में केंद्रीय विहार से जैन मंदिर रोड तक पाइपलाइन डालने के लिए सड़क खोदी गई थी। दो माह बीतने के बाद भी सड़क को पहले की स्थिति में नहीं लाया गया। इस संबंध में जल विभाग और सिविल विभाग के अधिकारियों से कई बार शिकायत की गई, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ।
अमित गुप्ता के मुताबिक, सड़क की खराब स्थिति को लेकर केंद्रीय वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) से भी शिकायत कर कार्रवाई की मांग की गई है। उनका दावा है कि करीब एक माह पहले सड़क खोदने वाले ठेकेदार पर प्राधिकरण ने पांच लाख रुपये का जुर्माना लगाया था, लेकिन इसके बावजूद मरम्मत शुरू नहीं हुई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि टूटी सड़क से वाहनों के गुजरने पर धूल उड़ती है, जिससे प्रदूषण बढ़ रहा है। वहीं, गड्ढों के कारण दोपहिया वाहन चालकों के लिए खतरा बना हुआ है। शिकायत के साथ 10 जुलाई, 27 जुलाई और 27 अगस्त की तस्वीरें भी भेजी गई हैं। लोगों ने प्राधिकरण से जल्द सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है।