अमर उजाला ने सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योग (एमएसएमई) फॉर भारत कॉन्क्लेव का आयोजन
कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों ने भविष्य की योजनाएं साझा कीं, उद्यमियों के सवालों के जवाब दिए
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। अमर उजाला की ओर से मंगलवार को सेक्टर-11, नोएडा स्थित मॉडर्न स्कूल में सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योग (एमएसएमई) फॉर भारत कॉन्क्लेव का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में उद्यमियों ने शिरकत की। कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों ने भविष्य की योजनाएं साझा कीं और उद्यमियों के सवालों के जवाब दिए। अधिकारियों ने बताया कि एमएसएमई को जरूरी जमीन और इंफ्रास्ट्रक्चर उपलब्ध कराने के लिए नोएडा और ग्रेनो प्राधिकरण काम कर रहे हैं।
नोएडा प्राधिकरण के सीईओ लोकेश एम ने उद्यमियों को संबोधित करते हुए कहा कि जल्द ही एमएसएमई की जरूरतों को पूरा करने के लिए छोटे भूखंडों की योजना लांच होगी। इसके अलावा ऐसा माहौल तैयार किया जा रहा है जिससे प्राधिकरण में उद्यमियों की समस्याएं तुरंत हल हों। वहीं, ग्रेनो प्राधिकरण की एसीईओ प्रेरणा सिंह ने कहा कि अगले दो साल में उद्यमी काफी कुछ बदलाव देखेंगे। मल्टीमाॅडल लॉजिस्टिक पार्क सहित इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास के लिए कई बड़े प्रोजेक्ट शुरू हुए हैं जिनका असर उद्योगों की सहूलियत के तौर पर सामने आएगा।
छोटे भूखंडों की योजना लाएगा प्राधिकरण : लोकेश एम
सीईओ डॉ. लोकेश एम ने नोएडा प्राधिकरण की भविष्य की योजना साझा कीं। उन्होंने कहा कि एमएसएमई देश और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की क्षमता रखते हैं। ऐसे में नोएडा में भी इन्हें जरूरी सुविधाएं मुहैया कराने का प्रयास रहता है। 25 से 29 अक्तूबर तक होने जा रहा यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो भी एमएसएमई को समर्पित रहेगा। प्राधिकरण की भी योजना एमएसएमई को बढ़ावा देने की है। प्राधिकरण जल्दी ही मैन्युफेक्चरिंग और सर्विस सेक्टर के लिए छोटे औद्योगिक भूखंड की योजना लाएगा। कामकाज को इतना सरल और सहज बनाया गया है कि उद्यमियों के काम आसानी से हो जाते हैं। प्राधिकरण क्षेत्र में सुविधाएं बेहतर करने के लिए उद्यमियों के साथ संवाद भी जारी रहता है।
बड़ी कंपनियां ग्रेनो में लाने को तैयार : प्रेरणा सिंह
एसीईओ प्रेरणा सिंह ने कहा कि ग्रेटर नोएडा में बहुत दिक्कतें रहीं हैं। अब यहां बदलाव शुरू हुआ है। मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक पार्क से जहां उत्पाद को बाहर भेजना सुगम होगा। न्यू बोडाकी रेलवे स्टेशन और दादरी रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास होने से माल के अलावा अन्य ट्रेनों की आवाजाही भी बेहतर हो सकेगी। इसके अलावा सड़क, एसटीपी, जलापूर्ति जैसे इंफ्रास्ट्रक्चर पर तेजी से काम हो रहा है। फॉर्च्यून 500 जैसी बड़ी कंपनियां ग्रेटर नोएडा में लाने के लिए हम तैयार हैं तमाम छूट दी जा रही हैं। उद्यमियों को खुद अगले दो साल में बदलाव देखने को मिलेगा।
उद्यमियों का सम्मान भी करेगा नोएडा
उद्यमी बिमला बाथम के प्रस्ताव पर सीईओ लोकेश एम ने कहा कि उद्यमियों को पूरा सम्मान मिले। इसका प्रयास है। नोएडा के विकास में उद्यमियों के योगदान का हम सम्मान करेंगे। इसके लिए नोएडा प्राधिकरण की तरफ से कार्यक्रम होगा।
लोकल फॉर वोकल के लिए उठी आवाज
मंथन में स्थानीय उत्पादों को विश्वस्तर पर ब्रांडिंग की जरूरत पर भी जोर दिया गया। उद्यमियों ने कहा कि कई अच्छे ब्रांड से बेहतर उत्पाद नोएडा में बनते हैं। जरूरत इनकी बेहतर ब्रांडिंग की है। लोकल फाॅर वोकल में इस दिशा में काम होना चाहिए। उद्योग, जीएसटी से आए अधिकारियों ने भी सरकार की योजनाओं की जानकारी दी।
सिंदूर ऑपरेशन में भी दिखी एमएसएमई की ताकत : डॉ. महेश
सांसद डॉ. महेश शर्मा ने कहा कि तीनों प्राधिकरण उद्यमियों को नियम-कानून का हवाला देकर न उलझाएं। अधिकारियों को समझना होगा कि एमएसएमई ही आर्थिक आजादी का आधार है। ऑपरेशन सिंदूर में भी एमएसएमई की ताकत दिखी। नोएडा की ही ड्रोन कंपनी ने ऐसे उत्पाद बनाए जो चीन और पाकिस्तान के रडार भी नहीं पकड़ सके। अमेरिका में नौकरी करने वाले और अब उद्यमी बन चुके इन युवाओं की मैन्युफैक्चरिंग यूनिट में तकनीक देखने रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी पिछले दिनों आए थे।