- समय पर केंद्र नहीं पहुंचने और अनुपस्थित रहने की शिकायतों पर स्वास्थ्य विभाग सख्त
यमुना सिटी (संवाद)। जेवर ब्लॉक के आयुष्मान आरोग्य मंदिरों पर तैनात सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ) की उपस्थिति पर अब स्वास्थ्य विभाग निगरानी रखेगा। समय पर केंद्र नहीं पहुंचने और कई दिनों तक अनुपस्थित रहने की शिकायतों के बाद यह निर्णय लिया गया है। इसका उद्देश्य ग्रामीणों को नियमित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।
ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित आयुष्मान आरोग्य मंदिरों पर सीएचओ के समय पर नहीं पहुंचने और केंद्र बंद रहने की शिकायतें मिलती रही हैं। इससे ग्रामीणों को उपचार और अन्य स्वास्थ्य सेवाओं के लिए परेशानी उठानी पड़ती है। स्वास्थ्य विभाग ने इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए सभी केंद्रों पर कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्णय लिया है। जेवर के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सर्फे जेया ने बताया कि ब्लॉक के सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों पर तैनात सीएचओ की हाजिरी पर नजर रखी जाएगी। किसी भी कर्मचारी के खिलाफ शिकायत मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।