तावडू। उपमंडल के गांव जौरासी में जमीन पैमाइश (नापी) के दौरान शुक्रवार को आधा दर्जन लोगों ने एक पक्ष के दो लोगों पर लाठी-डंडे से हमला कर दिया। हमले में घायल दोनों पीड़ितों को नूंह सीएचसी में भर्ती कराया गया जहां से उन्हें शहीद हसन खां मेवाती मेडिकल कॉलेज नलहड नूंह रेफर कर दिया गया। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत पर चार नामजद व 4 अन्य के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। बीरेंद्र पुत्र दिलीप सिंह निवासी गांव जौरासी थाना तावडू ने बताया कि पीड़ित व गांव निवासी धर्मेंद्र पुत्र जागेराम व सुभाष पुत्र राजेंद्र की जमीन एक साथ लगती है। शुक्रवार को पटवारी व गिरदावर पीड़ित की जमीन की पैमाइस करने के लिए आए थे। उसी दौरान आरोपी सुभाष ने अपने भाई देवेंद्र, कुलदीप व अपने बेटे धर्मेंद्र व अपने अन्य रिश्तेदारों को फोन कर मौके पर बुला लिया। पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने आते ही जमीन की पैमाइश का अंजाम भुगतने की धमकी देते हुए लाठी, डंडा, फरसा, जेली आदि से हमला कर दिया। हमले में पीड़ित व उसका भाई नरेंद्र घायल हो गए। पुलिस ने पीड़ित बीरेंद्र के बयान पर आरोपी सुभाष, देवेंद्र, कुलदीप, धर्मेंद्र सहित 4 अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।