लूट के आरोपी को पकड़ने गई पुलिस टीम पर हमला
नोएडा। लूट के आरोपी को पकड़ने के लिए इलाहाबास गांव गई पुलिस टीम पर उसके परिजनों ने हमला बोल दिया। इसका फायदा उठाकर आरोपी पुलिस की गिरफ्त से भाग निकला। थाने से अतिरिक्त फोर्स बुलाकर हमला करने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
फेज-टू थाना प्रभारी फरमूद अली पुंडीर ने बताया कि इलाहाबास गांव निवासी सन्नी पर लूट के कई मामले दर्ज हैं। शनिवार रात उसके गांव में होने की सूचना मिली थी। उसे गिरफ्तार करने के लिए एक टीम को गांव में भेजा गया था। पुलिस टीम ने दबिश देते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर गाड़ी में बिठा लिया था। पुलिस के अनुसार उसी दौरान सन्नी के पिता सूरज ने अपने किरायेदार चंदन, सुरेंद्र और नरेंद्र आदि के साथ मिलकर पुलिस टीम पर हमला कर दिया। दोनों पक्षों में हाथापाई के दौरान सन्नी गाड़ी से उतरकर फरार हो गया। पुलिस टीम ने तुरंत अधिकारियों को इसकी जानकारी दी। इस पर थाने से तुरंत अतिरिक्त फोर्स गांव में भेजी गई। पुलिस ने हमला करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं फरार लूट के आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है।