पुन्हाना। गोतस्करों और जुआरियों को पकड़ने गई पुन्हाना थाना पुलिस टीम और सिटी चौकी टीम पर गांव लुहिंगाकला और गांव लाहरवाडी में आरोपियों ने हमला कर दिया। इस दौरान पुलिस की गाड़ियों के शीशे तोड़ डाले और लाठी-डंडों, अवैध हथियार से हमला कर चार जवानों को घायल कर दिया। पुलिस ने दोनों मामलों में 5 महिलाओं और 51 नामजदों सहित करीब 300 लोगों के खिलाफ, हत्या का प्रयास करने, सरकारी कार्य में बाधा डालने, पुलिस कर्मियों के साथ मारपीट करने, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने सहित एक दर्जन धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। अभी तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। वहीं पुन्हाना अस्पताल में घायल चारों पुलिस कर्मियों का इलाज करा कर डिस्चार्ज कर दिया है। पुलिस ने जुआरियों के खिलाफ कार्रवाई के दौरान मौके से दो बाइक भी पकड़ी है।
पहला मामला पुन्हाना थाने के गांव लुहिंगाकला का है। थाना प्रभारी राम दयाल के मुताबिक, शनिवार शाम को गोरक्षा दल के सदस्य से सूचना मिली कि एक पिकअप वाहन संख्या- एचआर 74-7575 जिसमें साकिर पुत्र नबाबदीन निवासी लुहिंगाकला और उनके साथी बीफ को लुहिंगाकला से दिल्ली की ओर से ले जा रहे हैं। पुलिस ने तीन गाड़ियों के साथ आरोपियों का पीछा किया लेकिन वह गांवों से इधर-उधर घूमती हुई वापस लुहिगाकला में घुस गई। यहां आरोपियों ने अपने अन्य साथियों और ग्रामीणों को इसकी सूचना दे दी थी कि पुलिस उनका पीछा कर रही है। जैसे ही वे गांव के अंदर घुसे तो 70-80 लोगों ने पुलिस पार्टी पर अवैध हथियार, पत्थर आदि से हमला कर दिया। इस दौरान थाना प्रभारी की गाड़ी के शीशे टूट गए और होमगार्ड आरिफ पुन्हाना और आरिफ सिंगार के सिर और हाथ-पैरों में गंभीर चोर्टें आइं। पुलिस ने पांच महिलाओं और 27 नामजदों सहित 50/60 अन्य लोगों के खिलाफ हत्या का प्रयास करने सहित एक दर्जन धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
दूसरा मामला भी पुन्हाना थाने के गांव लाहरवाडी का है। थाना प्रभारी राम दयाल ने बताया कि रविवार को उन्हें सूचना मिली कि गांव लहरवाडी में मुर्गों को आपस में लड़ाकर लाखों रुपये का जुआ खेला जा रहा है। पुलिस ने जब मौके पर पहुंच मुर्गों को अपने कब्जे में लेने का प्रयास किया तो आरोपियों ने लाठी, डंडे, अवैध हथियारों से हमला कर दिया। इसमें हवलदार गुलाब सिंह और धर्मेंद्र सिंह घायल हो गए। आरोपियों ने यहां भी पुलिस की गाड़ी के शीशे तोड़े दिए और जान से मारने कि कोशिश की। पुलिस ने 24 नामजद सहित करीब 250 लोगों के खिलाफ हत्या का प्रयास करने सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
इनके खिलाफ हुए मामले दर्ज
लुहिगाकला में पुलिस के साथ मारपीट करने के मामले में अकरम, शौकीन, हन्नी, उम्मर, काला उर्फ बशीर, गुड्डू सभी निवासी उटावड जिला पलवल, स्वराज, शहजाद, सलाम, इमरान, आमीन, हसीना, भूरी, मुबारिक सभी निवासी आली जिला पलवल और इमराम, साकिर, साबिर, जमील, नबाबदीन, जलाउद्दीन, अनसार, रूकसाना, समीना, जाहिदा, भूरा, जान मोहम्मद, पप्पू सभी निवासी लुहिंगा कला के खिलाफ मामला दर्ज किया है। वहीं गांव लाहरवाडी में पुलिस टीम पर हुए हमले के मामले में सब इंस्पेक्टर ओमबीर की शिकायत पर गांव लहरवाडी निवासी भूरा, रत्ती, अरशद, रहीम, इरफान, हाकम, इमरान, इन्नुस, नासिर, हकीकत, बूचा, शमीम, मुस्ताक, वहीं गांव पटपडबास निवासी इखलास, तौफीक, असगर, पप्पू, शैकुल, जुबेर उर्फ कप्पो तथा लुहिंगाकला निवासी हसन, अब्बास, गांव उटावड निवासी रफीक, जकरी और गांव तुसैनी निवासी आसू सहित 250 लोगों के खिलाफ पुलिस पर जान लेवा हमला करने, सरकारी संपत्ति का नुकसान पहुंचाने, सरकारी कार्य में बाधा डालने सहित एक दर्जन धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।