छत के रास्ते सीमा और सचिन लो ले गई एटीएस
- परिजनों ने बनाई मीडिया से दूरी, तीन दिन से सीमा से लोगों के मुलाकात पर लगा रखी थी पाबंदी
- कई दिनों से सादे कपड़ों में तैनात पुलिसकर्मी कर रहे थे निगरानी
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। एटीएस टीम सोमवार दोपहर 12 बजे रबूपुरा पहुंची। दरवाजा खुलवाने के बाद सचिन मीणा के घर में तीन-चार एटीएस कर्मी प्रवेश कर गए। दो सदस्य गली की दोनों ओर गए। गली में मौजूद लोगों व मीडियाकर्मियों को उन्होंने अपना परिचय देते हुए बाहर भेज दिया। इसके बाद सभी सदस्य सचिन मीणा के घर पर चले गए। टीम पहले सीमा हैदर, सचिन और नेत्रपाल को घर की छत पर ले गई। यहां कुछ देर बातचीत के बाद एटीएस टीम छत से ही तीनों को दूसरे घर की छत पर पहुंची।
इसके बाद दूसरे घर के जीने से उतरकर पास की गली से निकलते हुए पीछे की ओर से तीनों को लेकर गाड़ी से रवाना हो गई। इसकी भनक काफी देर बाद लोगों और मीडियाकर्मियों को लगी। हालांकि इसके बाद सचिन के घरवालों ने दरवाजा नहीं खोला। उन्होंने मीडियाकर्मियों व ग्रामीणों से दूरी बनाये रखी। अहम है कि परिजनों ने बीते दिनों से सीमा हैदर से मुलाकात पर पाबंदी लगा रखी थी। बताया जा रहा है कि तभी से ही सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी भी सचिन मीणा की गली में लगातार निगरानी कर रहे हैं। वहीं कुछ लोग इसे बलोच डाकुओं की धमकी के बाद सीमा हैदर की सुरक्षा से जोड़कर देख रहे हैं।
पुलिस ही नहीं आईबी के इनपुट पर हो रही पूछताछ
सूत्रों का कहना है कि सीमा हैदर मामले का खुलासा होने के बाद एटीएस के रडार पर है। उससे बरामद पहचान पत्र आदि हाईकमीशन को भेजे गए हैं। सीमा से पूछताछ के लिए एटीएस ने सवालों की सूची तैयार की है। हाल ही में दिल्ली से आईबी की टीम जिले में पहुंची थी और टीम ने सीमा हैदर के बारे में जांच पड़ताल की थी। एक अधिकारी ने बताया कि एटीएस डिलिट किए गए चैट रिकवर करने पर संदिग्ध बातचीत, सेटेलाइट फोन इस्तेमाल की आशंका पर भी पूछताछ कर सकती है।
अमर उजाला ने किया था खुलासा...ये है पूरा मामला
पाकिस्तान से आई सीमा हैदर की तलाश शुरू करने के बाद अमर उजाला ने दो जुलाई को समाचार प्रकाशित कर मामले का खुलासा किया था। चार जुलाई को पुलिस टीम ने सीमा हैदर, सचिन और नेत्रपाल को गिरफ्तार कर प्रेसवार्ता की। डीसीपी साद मियां खान ने जानकारी दी थी कि पाकिस्तान के कराची में रहने वाली सीमा हैदर से सचिन की दोस्ती पबजी पर गेम खेलने के दौरान हुई। इसके बाद सीमा सचिन से मिलने मार्च में नेपाल आई। यहां सचिन और सीमा सात दिन रहे। नेपाल के ही पशुपतिनाथ मंदिर में दोनों ने शादी करने का दावा किया। 10 मई को सीमा फिर से पाकिस्तान से चार बच्चों को लेकर रवाना हुई थी। सीमा शारजहां से नेपाल और फिर काठमांडू के पोखरा से बस से भारत में प्रवेश कर गई। इसके बाद यमुना एक्स्प्रेसवे पर फलैदा कट पर उतरी। यहां से रबूपुरा का रहने वाला सचिन मीणा उसे पहले से ही किराये पर लिए गए रबूपुरा के आंबेडकर नगर स्थित घर में ले गया। सीमा हैदर यहां अपने बच्चों के साथ लगभग 50 दिन तक रही। पुलिस ने सीमा को जेल भेज दिया। न्यायालय से जमानत मिलने के बाद सीमा सचिन के घर पर रहने लगी थी।