राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता की तैयारियों में जुटे जिले पैरा एथलीट
नितेश कुमार
ग्रेटर नोएडा। अक्टूबर में जापान में होने वाले पैरा एशियाई गेम्स के लिए जिले के पैरा एथलीट पसीना बहा रहे हैं। उन्हें इस आयोजन के मंच पर पहुंचने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर खुद को साबित करना होगा। गौतमबुद्ध नगर के पैरा एथलीट गजेंद्र पाल, साहिल, करण शर्मा, ज्योति भाटी, तरुण कसाना, मनीषा, आदेश भाटी, अमित कुमार जैसे खिलाड़ी अपनी मजबूत दावेदारी पेश करेंगे। इन सभी खिलाड़ियों को इसी फरवरी के आखिर या मार्च शुरुआत में होने वाले पैरा नेशनल खेलों में अपनी ताकत दिखानी होगी।
-
पहली बार राष्ट्रीय मंच पर उतरेंगी ज्योति
बिसरख गांव की निवासी पैरा एथलीट ज्योति भाटी पहली बार राष्ट्रीय स्तर पर खेलती नजर आएंगी। उन्होंने बरेली में पैरा राज्य एथलेटिक्स चैंपियनशिप की एफ-55 कैटेगरी में शॉट पुट में स्वर्ण व जैवलिन थ्रो में रजत पदक हासिल किया है। उसी के आधार पर खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर भाग लेंगी। एथलीट पेशे से अधिवक्ता हैं।
-
दूसरी बार पैरा एशियन में भाग लेंगे गजेंद्र
पैरा एशियन गेम्स में जिले से लुक्सर गांव निवासी गजेंद्र पाल का दावा सबसे मजबूत है। प्रतियोगिता में गजेंद्र डिस्कस थ्रो में दूसरी भार लेंगे। इससे पहले भी एथलीट पैरा एशियन गेम्स में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। साथ ही राष्ट्रीय स्तर पर पैरा चैंपियनशिप में रजत पदक हासिल कर चुके हैं।
करण राणा
ग्रेटर नोएडा के कलोंडा गांव निवासी करण राणा राष्ट्रीय स्तरीय पर दूसरी बार दम भरेंगे। वह पैरा एशियन गेम्स के लिए दावा मजबूत करेंगे। करण ने राज्य स्तर पर भी भाला फेंक, डिस्कस थ्रो में स्वर्ण पदक हासिल कर अपनी राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता के लिए अपनी स्थिति मजबूत की है।
-
100 मीटर में दौड़ेंगे साहिल
दादरी निवासी साहिल राष्ट्रीय स्तर पर 100 मीटर में दौड़ लगाते नजर आएंगे। वह दूसरी बार राष्ट्रीय स्तर पर खेलेंगे। राज्यस्तर पर उन्होंने 100 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीता था। लोकोमोटर डिसेबिलिटी से पीड़ित एथलीट पहली बार पैरा एशियन गेम्स के लिए तैयारी में जुटे हैं।