नोएडा (संवाद)। सेक्टर-122 स्थित सामुदायिक केंद्र में वर्ल्ड पावरलिफ्टिंग कांग्रेस इंडिया की ओर से इंडिया डेडलिफ्ट नेशनल चैंपियनशिप आयोजित की गई। प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे खिलाड़ियों ने रॉ और इक्विप्ड वर्ग में प्रतिभाग किया। डेडलिफ्ट के अलावा सॉफ्ट प्लाई बेंच प्रेस और एक्सट्रीम बाइसेप्स कर्ल में भी खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया।
सॉफ्ट प्लाई बेंच प्रेस में दिल्ली के सीनियर वर्ग के सुरजीत सिंह ने 82.5 किलोग्राम भारवर्ग में 165 किलोग्राम वजन उठाकर स्ट्रॉन्गमैन का खिताब जीता। उत्तर प्रदेश की सीनियर वर्ग की रचना राजपूत ने 67.5 किलोग्राम शरीर के वजन के साथ 90 किलोग्राम वजन उठाकर स्ट्रॉन्ग वुमन का खिताब हासिल किया। एक्सट्रीम बाइसेप्स कर्ल में दिल्ली के महेश ने 75 किलोग्राम बॉडी वेट में 80 किलोग्राम वजन उठाकर स्ट्रॉन्गमैन का खिताब अपने नाम किया। आयोजन में डब्ल्यूपीसी इंडिया के अध्यक्ष दलजीत सिंह समेत सुरजीत सिंह, तमिलनाडु के भानु प्रताप सिंह, प्रभु राम, रेखा और अमरदीप सिंह मौजूद रहे।