- 80 मीटर बाधा दौड़ में 11.05 सेकंड का शानदार प्रदर्शन, जिले का नाम किया रोशन
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्ध नगर के एथलीट मीत भाटी ने नई दिल्ली में आयोजित दिल्ली राज्य ओपन एथलेटिक्स चैंपियनशिप में किया शानदार प्रदर्शन। प्रतियोगिता में एथलीट ने 80 मीटर बाधा दौड़ को 11.05 सेकंड में पार कर स्वर्ण पदक पर कब्जा किया। प्रतियोगिता में 700 से अधिक एथलीट ने भाग लिया। दिल्ली एथलेटिक्स संघ की ओर से नई दिल्ली के जवाहर लाल नेहरू स्पोर्ट्स स्टेडियम में 3 से 5 अप्रैल तक इस प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है।
पहले दिन ग्रेटर नोएडा के अजायबपुर गांव निवासी मीत भाटी ने अंडर-16 कैटेगरी के पुरुष वर्ग में भाग लिया। वह ग्रेटर नोएडा के सेक्टर ओमीक्रॉन तीन स्थित द एथलेटिक्स फ्यूचर अकादमी में संचालक व कोच सोनू भाटी, मुन्नी नागर की देखरेख में एथलेटिक्स के गुर सीखते हैं। कोच सोनू भाटी ने बताया कि ऐसे बड़े मंच पर मीत भाटी ने अपने बेहतरीन प्रदर्शन से सभी का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने बताया कि मीत ने अपनी निरंतर मेहनत, अनुशासन और लगन के बल पर यह मुकाम हासिल किया है।