-समय सारणी में अभी भी आ रही दिक्कत, आगमन वाली उड़ानें विलंब से पहुंच रहीं
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। आईजीआई एयरपोर्ट के एटीसी की तकनीकी गड़बड़ी को शुक्रवार देर शाम दूर कर लिया गया। इसके बावजूद समय सारणी में आई दिक्कत को ठीक करने में अभी कुछ और समय लगेगा। शुक्रवार देर रात से शनिवार शाम तक प्रस्थान की दो तिहाई उड़ानें विलंबित रहीं। वहीं आगमन वाली कुछ उड़ानें अपने नियमित समय पर आईजीआई एयरपोर्ट पर पहुंची। करीब एक चौथाई उड़ानें देरी से उड़ान भर रही है। विशेषज्ञों का कहना है कि एयर ट्रैफिक में सुधार के लिए अभी कुछ और समय लगेगा।
शुक्रवार देर रात के बाद एयर ट्रैफिक में सुधार होना शुरू हुआ। लेकिन उड़ानों के विलंब से उड़ान भरने का सिलसिला जारी रहा। घंटों के विलंब की जगह पर विमान आधा से एक घंटा के विलंब से उड़ान भरी। कुछ उड़ान अपने नियत समय पर आईजीआई एयरपोर्ट से रवाना हुई। एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक, शनिवार तड़के साढ़े चार बजे के बाद स्थिति कुछ सुधरी। उस समय विमान की आवाजाही कम होती है। सुबह छह बजे से सात बजे के बीच प्रस्थान की उड़ानों का दबाव अधिक होता है। उस समय विमान के देर से उड़ान भरने का सिलसिला जारी रहा। दोपहर दो बजे के बाद फिर विमान के देर से उड़ान भरने लगे। शाम सात बजे तक प्रस्थान की 75 फीसदी उड़ानें विलंबित रहीं। धीरे धीरे विलंब होने के समय में कमी आने लगी। विमान के देरी से उड़ान भरने का औसत अवधि करीब 23 मिनट दर्ज की गई। यह शुक्रवार के मुकाबले काफी कम है।
आगमन में काफी सुधार
शनिवार को प्रस्थान के मुकाबले आगमन वाले विमान के समय में काफी सुधार हुआ है। देश और विदेश से आईजीआई एयरपोर्ट पर आने वाली अधिकांश उड़ानें तय समय से पहुंची। इससे यात्रियों को काफी सुविधा हुई। शुक्रवार देर रात से शनिवार शाम सात बजे के बीच आगमन की कुल उड़ानों की महज 27 प्रतिशत उड़ानें ही विलंब की चपेट में आईं। आगमन में औसत विलंब करीब पांच मिनट ही रहा।