- किसान संघर्ष मोर्चा का 5 अक्तूबर तक धरना स्थगित, मांग पूरी न होने पर 6 से करेंगे आंदोलन
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। किसान संघर्ष मोर्चा को तीनों प्राधिकरणों, जिलाधिकारी और पुलिस के अधिकारियों ने 10 फीसदी भूखंड की मांग को लेकर शासन स्तर पर मुख्य सचिव से वार्ता कराने का आश्वासन दिया गया है। आश्वासन मिलने के बाद किसान संघर्ष मोर्चा ने बृहस्पतिवार को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पर चल रहे धरना को फिलहाल स्थगित कर दिया है। साथ ही चेतावनी दी है कि अगर आश्वासन के मुताबिक काम नहीं हुआ तो 6 अक्तूबर से फिर किसान आंदोलन चलाएंगे।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के दफ्तर के सामने किसान संघर्ष मोर्चा के लगातार आंदोलन के चलते तीनों प्राधिकरणों के मुख्य कार्यपालक अधिकारियों, जिलाधिकारी जॉइंट पुलिस कमिश्नर के साथ बैठक हुई। किसानों ने 10 फीसदी विकसित प्लॉट समेत मांगों पर चर्चा हुई। 10 फीसदी के मुद्दे पर 21 सितंबर तक तैयारी करके लखनऊ में मुख्य सचिव एवं इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कमिश्नर स्तर पर वार्ता कराने का आश्वासन दिया है। किसान संघर्ष मोर्चा के प्रतिनिधियों को पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने 5 अक्तूबर तक वार्ता कराने का आश्वासन दिया है।
किसान सभा के जिलाध्यक्ष डॉ. रूपेश वर्मा ने कहा कि करीब डेढ़ साल से किसान संघर्ष मोर्चा लगातार प्रयास कर रहा था कि तीनों प्राधिकरणों के मुख्य कार्यपालक अधिकारी एक टेबल पर बैठकर किसानों के 10 फीसदी प्लाट के मुद्दे को गंभीरता से लें। वहीं किसान परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखबीर खलीफा ने कहा कि किसान संघर्ष मोर्चा पूरी ताकत के साथ 10 फीसदी के मुद्दे को आगे बढ़ा रहा है। किसान एकता संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सोरन प्रधान ने कहा कि आबादी, नए कानून तथा भूमिहीनों की दुकानों के आवंटन सहित अन्य मुद्दों पर प्राधिकरण स्तर से 15 अक्तूबर तक कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया गया है। वहीं 10 फीसदी के मुद्दे पर 5 अक्तूबर तक लखनऊ में मुख्य सचिव स्तर की वार्ता कराने का आश्वासन मिला है।