नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की सतर्कता इकाई ने हौज काजी थाने में तैनात सहायक उप-निरीक्षक राकेश कुमार को 15,000 रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। झूठे मामले में फंसाने की धमकी देकर रिश्वत मांगने की शिकायत पर एएसआई के खिलाफ कार्रवाई की गई।
हौज काजी के बाजार सीता राम निवासी शिकायतकर्ता का आरोप है कि 9 सितंबर को दोपहर 12:30 बजे उसे थाने में बुलाकर 15,000 रुपये की रिश्वत देने को कहा। शिकायतकर्ता ने सतर्कता इकाई को 30 नोटों (प्रत्येक 500 रुपये) के रूप में रिश्वत की राशि प्रस्तुत की। इसके बाद सतर्कता टीम ने जाल बिछाया और दोपहर 12:30 बजे शिकायतकर्ता हौज काजी थाने पहुंचा। कुछ देर बाद शिकायतकर्ता और एएसआई थाने से बाहर आए। शिकायतकर्ता ने सतर्कता टीम को पूर्व निर्धारित संकेत दिया। हालांकि, राकेश ने छापे की आहट पाकर रिश्वत की राशि हवा में उछाल दी। क्षेत्र में भारी भीड़ होने से कुछ लोग 5,000 रुपये की राशि उठाकर ले गए, जबकि 10,000 रुपये की राशि मौके से बरामद की गई। ब्यूरो