ग्रेटर नोएडा। फर्जी एडमिशन मामले में नामजद आरोपी सहायक प्रोफेसर को सत्र न्यायाधीश की अदालत ने अग्रिम जमानत दी है। मामला नोएडा के फेज-1 थाना क्षेत्र में दर्ज है, जिसमें वादी ने अपने पुत्र के बीटेक में दाखिले के नाम पर लाखों रुपये की ठगी का आरोप लगाया था।
वादी संदीप शर्मा ने आरोप लगाया था कि वह अपने पुत्र का एडमिशन महाराजा सूरजमल इंस्टीट्यूट या महाराजा अग्रसेन कॉलेज में कराना चाहता था। इसी दौरान एक व्यक्ति ने उसे लर्निंग हब सोल्यूशन के माध्यम से काउंसलर जिया सिंह से संपर्क कराया। इसके बाद सेक्टर-2 नोएडा स्थित कार्यालय में कनवा सिन्हा, पुनीत, अखिल और प्रशांत पांडेय नाम के व्यक्तियों से मुलाकात हुई। इन लोगों ने महावीर स्वामी इंस्टिट्यूट सोनीपत में एडमिशन के नाम पर फीस मांगी। उन्होंने किस्तों में 3.20 लाख रुपये जमा कराए। बाद में सविता मलिक नामक महिला ने फोन कर महावीर स्वामी इंस्टिट्यूट की प्रतिनिधि बनकर 1.32 लाख रुपये की अतिरिक्त मांग की। लेकिन एडमिशन न होने पर जब वादी ने संपर्क करने की कोशिश की तो सभी फोन बंद मिले और ऑफिस भी बंद मिला। तब जाकर पीड़ित ने एफआईआर दर्ज कराई। अग्रिम जमानत याचिका में सविता मलिक की ओर से कहा गया कि वह वर्ष 2022 में महावीर स्वामी इंस्टिट्यूट में सहायक प्रोफेसर के पद पर कार्यरत थी। उन्हें केवल दस्तावेज सत्यापन की जिम्मेदारी दी गई थी। उनका एडमिशन प्रक्रिया से कोई प्रत्यक्ष संबंध नहीं था। उन्होंने किसी प्रकार की धनराशि नहीं ली और न ही किसी से ठगी की। उन्हें झूठा फंसाया गया है। ब्यूरो