तावडू। तावडू सदर थाने में तैनात एएसआई को विजिलेंस टीम द्वारा मंगलवार को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया। टीम ने एएसआई के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। विजिलेंस टीम के इंस्पेक्टर अजीत सिंह ने बताया कि शिकायतकर्ता मुबीन निवासी गांव निंबाहेडी, अलवर के खिलाफ सदर थाना तावडू में जुलाई माह में अवैध खनन का एक केस दर्ज हुआ था।
उस मामले में हाईकोर्ट से जमानत करवाने और खनन विभाग द्वारा जब्त किए गए डंपर को बिना शुल्क छुड़वाने की एवज में आरोपी एएसआई सुरेंद्र शिकायतकर्ता से रिश्वत मांग रहा था। 50 हजार रुपये शिकायतकर्ता एएसआई को पहले दे चुका था, लेकिन हाईकोर्ट से जमानत करवाने की एवज में वह 20 हजार रुपये और मांगने लगा। इस संबंध में शिकायतकर्ता मुबीन द्वारा विजिलेंस विभाग के अधिकारियों को शिकायत दी गई। इसके बाद मंगलवार सुबह विजिलेंस की टीम ने उपायुक्त से अनुमति लेकर तावडू स्थित एक जूस की दुकान से आरोपी एएसआई को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए काबू किया। इंस्पेक्टर अजीत सिंह ने बताया कि आरोपी एएसआई के खिलाफ भ्रष्टाचार अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। मेडिकल जांच के बाद उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा।