फिरोजपुर झिरका। आशा वर्कर यूनियन के तत्वावधान में आशा कार्यकर्ताओं का धरना 16वें दिन भी शनिवार को जिला अस्पताल मांडीखेड़ा में जारी रहा। आशाओं का कहना है कि 4000 रुपये मेहनताना उन्हें मासिक तौर पर मिलता है जिसमें परिवार का गुजारा और बच्चों की पढ़ाई का खर्च पूरा नहीं हो पता है, इसलिए सरकार उन्हें डीसी रेट अदा करें। ताकि वे अपने बच्चों को उच्च शिक्षा दिला सकें। आशा कार्यकर्ता महरम, मीना, सुनीता, असगरी, शहजादी ने बताया कि वे बहुत परेशान हैं गांवों में कई लोगों को वे सुविधाएं देती हैं।
कोरोना महामारी के समय भी वे दिन-रात काम कर रही है। गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण, बच्चों के टीके, संस्थागत प्रसव, सर्वे और अन्य कार्य हर महीने वे करते हैं। पोलियो अभियान में भी ड्यूटी करते हैं। फिर भी वेतन नहीं बढ़ाया जा रहा है। 4 हजार रुपये महीने में गुजारा नहीं चल रहा है। मांग करते हुए कहा कि आशा कार्यकर्ताओं को सम्मान जनक मेहनताना दिया जाना चाहिए। जिले में 1000 से अधिक आशा कार्यकर्ता हैं। कार्यकर्ताओं की मांग है कि कम से कम उन्हें डीसी रेट दिया जाए, नहीं तो उनका धरना जारी रहेगा। टीकाकरण और अन्य सेवाएं इसी प्रकार बाधित होगी।