फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Noida News: सेना के हवलदार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

विज्ञापन
विज्ञापन
फोटो....
विज्ञापन

- जेवर से चौरोली गांव तक ग्रामीणों ने निकाली शव यात्रा, अमर रहे के लगे नारे, पत्नी ने मेरठ के नशा मुक्ति केंद्र में कराया था जवान को भर्ती
माई सिटी रिपोर्टर
यमुना सिटी। जेवर क्षेत्र के चौरोली गांव निवासी सेना के हवलदार ललित कुमार जनमेदा की संदिग्ध परिस्थितियों में मेरठ के एक अस्पताल में मौत हो गई। वह श्रीनगर में सेना के आरएंडआर विभाग में तैनात थे और करीब 15 दिन पहले 25 दिन की छुट्टी लेकर बुलंदशहर स्थित अपने घर आए थे। उनकी करीब 10 दिन की छुट्टी अभी बाकी थी। शुक्रवार को परिवार को उनकी मौत की सूचना मिली, जिसके बाद परिजन मेरठ पहुंचे। पोस्टमार्टम के बाद शव को चौरोली गांव लाया गया, जहां शनिवार को सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।
ललित कुमार ने अपनी कमाई से बुलंदशहर में मकान बनवाया था और पत्नी के साथ वहीं रहते थे। परिवार के मुताबिक, छुट्टी के दौरान वह घर पर ही थे। अचानक उनकी तबीयत खराब होने और मेरठ में इलाज के दौरान मौत की सूचना मिलने के बाद परिजन सकते में आ गए।
विज्ञापन

सैन्य अधिकारियों की मौजूदगी में दी अंतिम विदाई
जवान की मौत की सूचना गांव पहुंचते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण चौरोली पहुंच गए। उनकी बटालियन के अधिकारी भी अंतिम संस्कार में शामिल होने पहुंचे। तिरंगे में लिपटे शव की सैन्य सम्मान के साथ अंतिम यात्रा निकाली गई। इस दौरान युवाओं और ग्रामीणों ने ललित कुमार अमर रहे के नारे लगाए। सैन्य अधिकारियों की मौजूदगी में राजकीय सम्मान के साथ जवान को अंतिम विदाई दी गई।
पत्नी और मायके के लोगों पर लगाए आरोप
अंतिम संस्कार के बाद परिवार के सदस्य और ग्रामीण जेवर कोतवाली पहुंचे और मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की। ललित के मामा और अन्य परिजनों ने उनकी पत्नी और ससुराल पक्ष के लोगों की भूमिका पर सवाल उठाते हुए हत्या की आशंका जताई।
परिजनों का आरोप है कि ललित को उनकी पत्नी ने मेरठ के एक नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया था, जबकि वह नशे के आदी नहीं थे। परिवार ने यह भी सवाल उठाया कि यदि उनकी तबीयत खराब थी तो बुलंदशहर में इलाज कराने के बजाय उन्हें मेरठ क्यों ले जाया गया। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच और पत्नी तथा मायके पक्ष के लोगों से पूछताछ की मांग की है।
विज्ञापन

मेरठ पुलिस करेगी मामले की जांच
जेवर थाना प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि अंतिम यात्रा के दौरान पुलिस टीम तैनात कर सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। परिवार के लोग थाने आए थे और उन्हें हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया गया है। उन्होंने बताया कि जवान की मौत मेरठ में हुई है और पोस्टमार्टम भी वहीं कराया गया है। ऐसे में मामले की जांच मेरठ पुलिस के स्तर से की जाएगी। परिवार के लोग अब मेरठ जाकर प्राथमिकी दर्ज कराने की तैयारी में हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें